सूरजपुर पुलिस ने किया नशे के सौदागरों का भंडाफोड़, 3 गिरफ्तार, अवैध शराब, गांजा और हथियार बरामद
ग्रेटर नोएडा। थाना सूरजपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध नशीले पदार्थों की तस्करी करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1 किलो 100 ग्राम गांजा, 36 बोतल गैरप्रांतीय अंग्रेजी शराब, अवैध हथियार और बिना नंबर प्लेट की बलेनो कार बरामद की है।
डेल्टा-3 में पुलिस ने दबोचे तस्कर
थाना सूरजपुर पुलिस ने सर्विलांस और सीडीटी टीम की सूचना के आधार पर 24 मार्च को डेल्टा-3, ओ-ब्लॉक सर्विस रोड से तीन तस्करों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों में अमन (20) निवासी साकीपुर, नीतीश सिंह सैंगर (22) निवासी हरपालपुर (मध्यप्रदेश) और सौरभ (22) निवासी डाबरा, दादरी शामिल हैं।
गिरफ्तारी के दौरान नीतीश सिंह के पास से 1 किलो 100 ग्राम गांजा, सौरभ के पास से एक अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस, जबकि अमन के पास से एक अवैध चाकू बरामद हुआ। पुलिस ने इनके पास से बिना नंबर की बलेनो कार भी जब्त की, जिसका इस्तेमाल तस्करी में किया जा रहा था।
कई धाराओं में केस दर्ज
गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट और आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब इस गैंग के नेटवर्क की पड़ताल कर रही है और अन्य संभावित आरोपियों की तलाश में जुटी है।
सूरजपुर पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में नशीले पदार्थों की तस्करी करने वालों में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने साफ किया है कि ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
