एपीजे इंटरनेशनल स्कूल में ग्रेजुएशन सेरेमनी, विद्यार्थियों ने बिखेरी प्रतिभा की चमक
ग्रेटर नोएडा। एपीजे इंटरनेशनल स्कूल, ग्रेटर नोएडा में 22 मार्च 2025 को कक्षा पाँचवीं एवं दूसरी के विद्यार्थियों के लिए ग्रेजुएशन सेरेमनी का भव्य आयोजन किया गया। इस विशेष अवसर पर छात्रों ने अपनी रचनात्मकता और सीखने की यात्रा को शानदार प्रस्तुतियों के माध्यम से अभिव्यक्त किया।
दीप प्रज्ज्वलन से हुई शुरुआत, विद्यार्थियों को मिली शुभकामनाएँ
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. सरिता पांडे द्वारा दीप प्रज्वलन और मंत्रोच्चारण के साथ हुई, जिसमें पहल कबड़वाल और पुष्कर तिवारी ने भाग लिया। इस दौरान कक्षाध्यापिका श्रीमती जसजीत कौर एवं श्रीमती मोना मंडल ने सभी विद्यार्थियों और अभिभावकों का स्वागत किया तथा छात्रों के परिश्रम की सराहना करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।
शिक्षा के नए पड़ाव का रोडमैप किया गया प्रस्तुत
अभिभावकों को बच्चों के अग्रिम कक्षाओं के शैक्षणिक रोडमैप से अवगत कराया गया, जिससे वे शिक्षा की आगामी दिशा को समझ सकें। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने मोटिवेशनल गीत और कविताएँ प्रस्तुत कीं, जिससे पूरे सभागार में उत्साह का माहौल बन गया।
छात्रों ने साझा किए अनुभव, प्रेरणादायक प्रस्तुति से मोह लिया मन
विद्यालय के जूनियर हेड बॉय वंशराज त्यागी और जूनियर हेड गर्ल हरकीरत ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि किस प्रकार स्कूल ने उनकी प्रतिभा को निखारा और उन्हें आत्मविश्वास से भर दिया। इसके बाद छात्रों ने एक एजुकेशनल थीम डांस प्रस्तुत किया, जिसने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
प्रधानाचार्या का संदेश – बच्चों के साथ समय बिताएँ अभिभावक
कार्यक्रम के दौरान प्रधानाचार्या डॉ. सरिता पांडे ने अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा, “अभिभावकों को अपने बच्चों के साथ समय बिताना चाहिए, ताकि वे खुलकर अपने मन की बातें साझा कर सकें।”
‘ड्रीमर्स’ डांस परफॉर्मेंस ने बांधा समा, प्रमाण पत्र पाकर खिले चेहरे
इसके पश्चात छात्रों ने ‘ड्रीमर्स’ डांस परफॉर्मेंस प्रस्तुत किया, जिसने अभिभावकों को भावविभोर कर दिया। इसके बाद प्रधानाचार्या ने सभी छात्रों को विद्यार्थी प्रतिज्ञा दिलवाई और प्रमाण पत्र प्रदान किए।
कार्यक्रम का समापन विद्यालय गीत “Soring High is My Nature” के सामूहिक गायन और श्रीमती जसजीत कौर के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। यह आयोजन विद्यार्थियों और अभिभावकों के लिए एक यादगार अनुभव बन गया।
