मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या में शीतल पेय बॉटलिंग प्लांट का उद्घाटन किया, रोजगार और विकास की नई राह
अयोध्या, 21 मार्च:
गुरुवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या में शीतल पेय बॉटलिंग प्लांट का उद्घाटन किया और इस मौके पर क्षेत्र के विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण बयान दिए। उन्होंने कहा कि अयोध्या में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या केवल आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि एक समृद्ध भविष्य के निर्माण का आधार बन रही है।
सीएम योगी ने बॉटलिंग प्लांट के विकास की सराहना करते हुए इसे उत्तर भारत में शीतल पेय की प्रमुख आपूर्ति केंद्र बताया। साथ ही, उन्होंने कहा कि इस संयंत्र की स्थापना से न केवल स्थानीय रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, बल्कि यह क्षेत्र की आर्थिक समृद्धि में भी योगदान करेगा।
मुख्यमंत्री ने अयोध्या को एयर, रोड और जलमार्ग से जोड़ने की योजना का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि आगामी वर्षों में अयोध्या से सरयू होते हुए बलिया और हल्दिया तक जलमार्ग की सुविधा शुरू की जाएगी, जिससे व्यापार और यात्रा में आसानी होगी।
साथ ही, मुख्यमंत्री ने अयोध्या में ग्रीन एनर्जी के प्रयासों को भी सराहा और बॉटलिंग प्लांट को सोलर एनर्जी से जोड़ने की योजना की सराहना की।
अयोध्या में यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए सीएम ने अच्छे होटल्स की आवश्यकता पर जोर दिया और लधानी परिवार से आग्रह किया कि वे होटल निर्माण में जल्द से जल्द कदम बढ़ाएं।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सूर्यप्रताप शाही, एमएसएमई मंत्री राकेश सचान और अमृत बॉटलर्स प्रा. लि. के प्रमुख एस एन लधानी सहित कई अन्य लोग उपस्थित रहे।
