नोएडा सेक्टर 142 पुलिस-बदमाश मुठभेड़: पैर में गोली लगी, चोरी का माल बरामद
गौतमबुद्धनगर के थाना सेक्टर 142 पुलिस और एक बदमाश के बीच बुधवार देर रात मुठभेड़ हो गई। पुलिस जैन पार्क के पास चेकिंग कर रही थी, तभी सामने से एक संदिग्ध व्यक्ति आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन वह अचानक फायरिंग करते हुए भागने लगा। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। मौके पर पकड़े गए बदमाश की पहचान पवन कुमार (28) पुत्र रामरतन, निवासी ग्राम छपरौली, सेक्टर 165, थाना एक्सप्रेसवे, गौतमबुद्धनगर के रूप में हुई।
पुलिस ने आरोपी के पास से एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस और दो चोरी के मोबाइल (ओप्पो व सैमसंग) बरामद किए। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस ने बताया कि पवन कुमार चोरी और नशीले पदार्थों की तस्करी जैसे अपराधों में संलिप्त रहा है।
15 मार्च को सेक्टर 143 मेट्रो स्टेशन के पास की थी मोबाइल चोरी
पुलिस जांच में सामने आया कि पवन कुमार ने 15 मार्च की रात सेक्टर 143 मेट्रो स्टेशन के सामने स्थित एक स्क्रैप दुकान में सेंध लगाकर दो मोबाइल चोरी किए थे। इस मामले में थाना सेक्टर 142 में मामला दर्ज था, जिसकी जांच जारी थी।
10 से अधिक मामलों में शामिल रहा है पवन कुमार
पुलिस रिकॉर्ड खंगालने पर पता चला कि पवन कुमार के खिलाफ पहले से ही 10 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें एनडीपीएस एक्ट, चोरी, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट और आबकारी अधिनियम से जुड़े गंभीर आरोप शामिल हैं।
पुलिस अब आरोपी के अन्य साथियों और इसके आपराधिक नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि उसने और किन-किन जगहों पर वारदात को अंजाम दिया है।
