शारदा विश्वविद्यालय में तीसरा अंतरराष्ट्रीय क्वान की डो प्रशिक्षण सेमिनार, रोमानिया के मास्टर्स ने सिखाए उन्नत कौशल
ग्रेटर नोएडा। शारदा विश्वविद्यालय के स्पोर्ट्स सोसाइटी और डीएसडब्ल्यू (डीन स्टूडेंट्स वेलफेयर) द्वारा क्वान की डो फेडरेशन ऑफ इंडिया के सहयोग से तीसरे अंतरराष्ट्रीय क्वान की डो प्रशिक्षण सेमिनार का आयोजन किया गया। इस सेमिनार में रोमानिया से आए दो प्रशिक्षकों ने अपनी विशिष्ट तकनीकों और अनुभवों को साझा करते हुए विश्वभर से आए प्रतिभागियों को क्वान की डो के गूढ़ पहलुओं से परिचित कराया।
प्रतिभागियों ने सीखे अंतरराष्ट्रीय स्तर के नए कौशल
इस प्रशिक्षण सत्र में रोमानिया के मास्टर्स द्वारा सिखाई गई तकनीकों ने प्रतिभागियों को मार्शल आर्ट्स में आत्मरक्षा, अनुशासन और दक्षता के नए आयामों से अवगत कराया। खेल निदेशक डॉ. कपिल दवे ने कहा, “क्वान की डो सिर्फ एक मार्शल आर्ट नहीं, बल्कि जीने का तरीका है। यह शारीरिक गतिविधि, आत्म-अनुशासन और प्रतिस्पर्धा के साथ-साथ आत्म-ज्ञान और मानसिक संतुलन का साधन भी है।”
सेमिनार में विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारी भी रहे उपस्थित
इस मौके पर विश्वविद्यालय के प्रो-चांसलर वाई. के. गुप्ता, रजिस्ट्रार विवेक गुप्ता, डीन डॉ. प्रमोद कुमार, और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। आयोजन के दौरान अक्षित, रिशांक अग्रवाल और अमित कुमार सहित कई छात्रों और खेल प्रेमियों ने इस प्रशिक्षण का लाभ उठाया।
इस अंतरराष्ट्रीय सेमिनार ने मार्शल आर्ट्स के प्रति जागरूकता बढ़ाने और वैश्विक स्तर पर प्रशिक्षकों एवं विद्यार्थियों को जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम रखा।
