श्योराण इंटरनेशनल स्कूल का वार्षिकोत्सव संपन्न, रामायण की भावपूर्ण प्रस्तुति ने मोहा मन
ग्रेटर नोएडा। श्योराण इंटरनेशनल स्कूल में रविवार को वार्षिकोत्सव का आयोजन बड़े हर्षोल्लास के साथ किया गया, जिसमें संस्कृतिक धरोहर को दर्शाने वाले कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री श्री 1008 आचार्य महामंडलेश्वर जी महाराज और श्री बालमुकुंद जी महाराज थे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. राजकुमार सांगवान मौजूद रहे। कार्यक्रम में आईएएस अधिकारियों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और समय-समय पर मार्गदर्शन दिया। स्कूल के चेयरमैन उदयवीर सिंह, डायरेक्टर सुशांत सिंह और प्रधानाध्यापिका अपर्णा शर्मा ने आयोजन की अगुवाई की।
इस वर्ष वार्षिक उत्सव का मुख्य विषय ‘संस्कृति’ रखा गया, जिसे रामायण के विभिन्न प्रसंगों और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ गणेश वंदना से हुआ, जिसके बाद छोटे बच्चों ने अपने माता-पिता संग भावनात्मक नृत्य कर सबका मन मोह लिया। इसके बाद मेधावी छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ‘रामायण’ की जीवंत प्रस्तुति रही, जिसमें केवल कहानी नहीं, बल्कि उसके आधुनिक संदर्भों को भी दर्शाया गया। छोटे बच्चों से लेकर वरिष्ठ प्रतिभागियों तक सभी ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। नृत्य-संगीत से सजे इस भव्य आयोजन का समापन उल्लास और आनंद के साथ हुआ।
