महक ईको सिटी के पास अवैध शराब बेचते युवक को पुलिस ने दबोचा, 110 पव्वे बरामद
ग्रेटर नोएडा। थाना बादलपुर पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने अवैध शराब की बिक्री के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी के पास से कुल 110 पव्वे देशी शराब बरामद की गई है।
गिरफ्तारी और बरामदगी:
शनिवार को पुलिस टीम ने महक ईको सिटी सोसायटी के पास छापेमारी कर रामशनिल उर्फ बृजेश पुत्र बलराज को धर दबोचा। आरोपी मूल रूप से बदायूं जिले के थाना बिलसी क्षेत्र के गांव रिसौली का निवासी है और फिलहाल बादलपुर में किराए के मकान में रह रहा था।
मामला दर्ज:
आरोपी के खिलाफ थाना बादलपुर में आबकारी अधिनियम की धारा 60/63 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि शराब की सप्लाई कहां से की जा रही थी और इसका नेटवर्क कितना बड़ा है।
पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों ने कहा है कि ऐसे अवैध कारोबार के खिलाफ आगे भी सख्त अभियान जारी रहेगा।
