महाकुंभ 2025: आस्था, भव्यता और इतिहास के महासंगम का भव्य समापन
➤ 45 दिनों तक चला महाआयोजन, 66 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने संगम में किया स्नान
➤ जाति-धर्म की दीवारें गिरीं, एक ही घाट पर सभी ने लगाई आस्था की डुबकी
➤ 4000 हेक्टेयर में बसी कुम्भनगरी में 13 अखाड़ों ने निभाई सनातन परंपरा
➤ नेता, सितारे और उद्योगपतियों ने त्रिवेणी में लगाया पुण्य स्नान
➤ डिजिटल महाकुंभ ने बटोरी सुर्खियां, बना आधुनिकता और आध्यात्मिकता का संगम
➤ 45 दिनों में 10 बार महाकुंभ पहुंचे मुख्यमंत्री योगी, व्यवस्थाओं का लिया जायजा
महाकुंभ नगर, प्रयागराज। आस्था, भव्यता और ऐतिहासिक परंपराओं का महासंगम कहे जाने वाले महाकुंभ 2025 का सफलतापूर्वक समापन हो गया। इस महापर्व ने न केवल आध्यात्मिकता की नई ऊंचाइयों को छुआ, बल्कि भव्यता और दिव्यता के मामले में भी दुनिया भर में एक मिसाल कायम की। 45 दिनों तक चले इस महाआयोजन में 66 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने संगम में स्नान कर इतिहास रच दिया।
केंद्र और राज्य सरकार के सहयोग से प्रयागराज का कायाकल्प कर इसे पहले से अधिक भव्य और दिव्य बनाया गया। आम से लेकर खास तक, हर किसी ने इस पावन अवसर पर अपनी आस्था को साकार किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में आयोजित इस महाकुंभ ने एकता और समरसता का संदेश भी दिया।
66 करोड़ श्रद्धालुओं ने किया आस्था का स्नान
महाकुंभ 2025 में स्नान करने वालों की संख्या 66 करोड़ के पार पहुंच गई। यह आंकड़ा भारत की आधी आबादी से अधिक और कई देशों की कुल जनसंख्या से भी बड़ा है। इस ऐतिहासिक समागम ने दुनिया में सबसे बड़े धार्मिक आयोजन के रूप में अपनी पहचान स्थापित कर दी।
सनातन परंपराओं के साथ 13 अखाड़ों ने निभाई भूमिका
महाकुंभ में 13 प्रमुख अखाड़ों की उपस्थिति रही, जिन्होंने अमृत स्नान और स्नान पर्वों पर सनातन परंपराओं का निर्वहन किया। इनके साथ जुड़े अनुगामी अखाड़े भी आयोजन का हिस्सा बने। इस दौरान किन्नर अखाड़ा विशेष आकर्षण का केंद्र बना। अखाड़ों ने अपने दीक्षा कार्यक्रमों का सफलतापूर्वक संचालन किया और महामंडलेश्वर समेत अन्य पदों पर नियुक्तियां कीं।
4000 हेक्टेयर में बसी दिव्य कुम्भनगरी
महाकुंभ 2025 को अभूतपूर्व बनाने के लिए योगी सरकार ने भव्य तैयारियां कीं। 4000 हेक्टेयर में विस्तारित इस कुम्भनगरी को 25 सेक्टरों में विभाजित किया गया। संगम क्षेत्र में 12 किमी के घाटों का निर्माण, 1850 हेक्टेयर में पार्किंग, 31 पांटून पुल, 67 हजार से अधिक स्ट्रीट लाइट्स, 1.5 लाख शौचालय और 25 हजार सार्वजनिक आवास की व्यवस्था की गई।
योगी सरकार ने महाकुंभ के लिए 7000 करोड़ रुपए से अधिक खर्च किए, जबकि केंद्र सरकार के सहयोग से कुल 15,000 करोड़ रुपए की परियोजनाओं से प्रयागराज का कायाकल्प किया गया।
महाशिवरात्रि पर हुआ भव्य समापन
महाकुंभ में 6 प्रमुख स्नान पर्वों पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा। 29 जनवरी मौनी अमावस्या को 7.64 करोड़, 3 फरवरी बसंत पंचमी को 2.57 करोड़ और 26 फरवरी महाशिवरात्रि पर 1.53 करोड़ से अधिक श्रद्धालु संगम पहुंचे। समापन दिवस पर महाशिवरात्रि स्नान के साथ इस धार्मिक महायज्ञ का पटाक्षेप हुआ।
पीएम, राष्ट्रपति समेत दिग्गजों ने किया संगम स्नान
महाकुंभ के दिव्य आयोजन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी आस्था की डुबकी लगाई। गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण सहित कई केंद्रीय मंत्री भी इस आयोजन का हिस्सा बने। विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री, राज्यपाल, उपराज्यपाल और कई राजनीतिक दिग्गजों ने संगम में पुण्य स्नान किया।
उद्योगपतियों और बॉलीवुड सितारों की भी रही आस्था
महाकुंभ में देश के नामी उद्योगपति भी पहुंचे। मुकेश अंबानी, गौतम अडानी, अनिल अंबानी, लक्ष्मी मित्तल और आनंद पीरामल जैसे उद्योगपतियों ने परिवार सहित संगम में पुण्य स्नान किया।
बॉलीवुड के सितारे भी धर्म और आस्था के इस महापर्व में शरीक हुए। अक्षय कुमार, विक्की कौशल, कटरीना कैफ, पंकज त्रिपाठी, अनुपम खेर, हेमामालिनी, रवीना टंडन, उदित नारायण और कैलाश खेर समेत कई कलाकार संगम तट पर पहुंचे और आस्था की डुबकी लगाई।
डिजिटल महाकुंभ बना आधुनिकता का प्रतीक
महाकुंभ 2025 में पहली बार डिजिटल टेक्नोलॉजी का व्यापक इस्तेमाल किया गया। इसके तहत—
✔️ महाकुंभ की आधिकारिक वेबसाइट और मोबाइल ऐप लांच किए गए
✔️ गूगल नेविगेशन के साथ एमओयू कर पहली बार लोकेशन-आधारित सेवाएं दी गईं
✔️ एआई चैटबॉट के जरिए श्रद्धालुओं को मार्गदर्शन मिला
✔️ डिजिटल खोया-पाया केंद्र ने हजारों लोगों को उनके परिवार से मिलाने में मदद की
10 बार महाकुंभ पहुंचे सीएम योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महाकुंभ की व्यवस्थाओं की लगातार समीक्षा की। 45 दिनों के आयोजन में वे खुद 10 बार प्रयागराज पहुंचे और अखाड़ों के संतों, श्रद्धालुओं व अधिकारियों से संवाद किया। उन्होंने हर जाति, पंथ और वर्ग के साधु-संतों से मुलाकात कर उन्हें सम्मानित किया।
महाकुंभ ने फिर किया सनातन संस्कृति का गौरव बढ़ाया
महाकुंभ 2025 न केवल श्रद्धा और भक्ति का महासंगम रहा, बल्कि इसने भारत की सनातन संस्कृति और परंपराओं को वैश्विक मंच पर स्थापित करने का कार्य किया। 66 करोड़ श्रद्धालुओं की सहभागिता ने इसे इतिहास के सबसे बड़े धार्मिक आयोजन के रूप में अमर कर दिया।
👉 45 दिनों तक चले इस दिव्य आयोजन के बाद प्रयागराज से विदा होते हुए श्रद्धालु यही कह रहे थे— “फिर मिलेंगे अगले महाकुंभ में!”
