बिसरख धाम में महाशिवरात्रि पर रुद्राभिषेक, श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक महामंडलेश्वर आचार्य अशोकानंद जी महाराज ने बताया रुद्राभिषेक का महत्व
ग्रेटर नोएडा। महाशिवरात्रि महापर्व पर बिसरख धाम स्थित दिव्य विशेश्वर महादेव मंदिर में हजारों श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक और रुद्राभिषेक कर मंगलकामना की। मंदिर परिसर हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज उठा।
महामंडलेश्वर आचार्य अशोकानंद जी महाराज ने रुद्राभिषेक के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि भगवान शिव को प्रसन्न करने और जीवन की बाधाओं को दूर करने के लिए यह अत्यंत प्रभावशाली अनुष्ठान है। उन्होंने कहा कि भगवान राम ने भी लंका पर विजय प्राप्त करने से पूर्व रामेश्वरम में रुद्राभिषेक किया था।
पूजा विधि के अनुसार, गंगाजल, दूध, शहद, घी और पंचामृत से अभिषेक किया गया और भगवान शिव के 108 नामों का जाप किया गया। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव से सुख, समृद्धि और शांति की कामना की।
श्रावण मास, कार्तिक और महाशिवरात्रि पर रुद्राभिषेक का विशेष महत्व बताया गया है। आचार्य अशोकानंद जी महाराज ने सभी भक्तों को महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिव आराधना से सभी कष्ट दूर होते हैं और जीवन में सुख-शांति आती है।
“ॐ नमः शिवाय” के जयघोष के साथ गूंज उठा बिसरख धाम
