जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा की अध्यक्षता में शासकीय अधिवक्ताओं के साथ अभियोजन कार्यों की समीक्षा बैठक सम्पन्न
गौतम बुद्ध नगर, 24 फरवरी 2025
जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में शासकीय अधिवक्ताओं के साथ अभियोजन कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में जिलाधिकारी ने शासकीय अधिवक्ताओं से कहा कि पास्को और महिला उत्पीड़न से संबंधित मामलों में प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री जी बहुत ही गंभीर हैं, इसलिए इन प्रकरणों में शीघ्र कार्रवाई कर पीड़ितों को न्याय दिलाने की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ जाती है।
उन्होंने शासकीय अधिवक्ताओं को निर्देश दिया कि इन मामलों में जल्द से जल्द कार्रवाई करते हुए मुख्यमंत्री की मंशा को मूर्त रूप दिया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि पास्को और महिला उत्पीड़न से संबंधित प्रकरणों को प्राथमिकता दी जाए और उनके समयबद्ध निपटारे के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। साथ ही, उन्होंने शासकीय अधिवक्ताओं को टॉप 10 अपराधियों की सूची तैयार करने का निर्देश दिया।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि सभी अधिवक्ता अभियोजन कार्यों को अच्छे तरीके से नियोजित करके संपादित करें ताकि सरकार के हित में अधिक से अधिक मामलों का निस्तारण किया जा सके।
इस महत्वपूर्ण बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन मंगलेश दुबे और शासकीय अधिवक्तागण भी उपस्थित थे।
