क्रिकेट खेलते-खेलते बना हत्या का खेल: सूरजपुर में युवक की पीट-पीटकर हत्या, पुलिस ने किया खुलासा, तीन गिरफ्तार
सूरजपुर, 19 फरवरी 2025। क्रिकेट खेलने के दौरान हुए विवाद में तीन युवकों ने एक 31 वर्षीय युवक की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने इस हत्याकांड में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त क्रिकेट बैट व ईंट बरामद की है। घटना थाना सूरजपुर क्षेत्र के फूड प्लाजा के पास खाली मैदान की है, जहां 17 फरवरी को यह निर्मम हत्या की गई थी।
हत्या की पूरी कहानी: खेल से खूनी संघर्ष तक
मृतक की पहचान मनीष शर्मा (31), निवासी कस्बा सूरजपुर के रूप में हुई है। 17 फरवरी को मनीष शर्मा कुछ युवकों के साथ क्रिकेट खेल रहा था, तभी किसी बात को लेकर अनुज, शिवम ठाकुर और सूरज से उसका विवाद हो गया। देखते ही देखते यह झगड़ा बढ़ गया और तीनों आरोपियों ने मनीष पर क्रिकेट बैट और ईंट से ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी।
18 फरवरी को मृतक के पिता ने थाना सूरजपुर में तहरीर दी, जिसके आधार पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
गुप्त सूचना से घण्टा गोल चक्कर पर तीनों आरोपी गिरफ्तार
आज सुबह थाना सूरजपुर पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए तीनों हत्यारों को घण्टा गोल चक्कर से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान उन्होंने अपना अपराध कबूल कर लिया और उनकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल क्रिकेट बैट व ईंट बरामद कर ली गई।
गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण
1. अनुज (21 वर्ष)
2. शिवम ठाकुर (21 वर्ष)
3. सूरज (19 वर्ष)
पंजीकृत मुकदमा
थाना सूरजपुर में मु0अ0स0 107/25 धारा 103(1)/3(5) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
खेल के मैदान में खूनी खेल: पुलिस जांच में जुटी
इस हत्याकांड ने इलाके में सनसनी फैला दी है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि हत्या के पीछे कोई पुरानी रंजिश थी या यह महज क्रिकेट के दौरान हुआ विवाद था। सूरजपुर पुलिस जल्द ही इस मामले में और खुलासे कर सकती है।
