महाकुंभ से प्रकट हुआ ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ का संकल्प : राज्यपाल
– यूपी विधानसभा के बजट सत्र 2025 का शुभारंभ राज्यपाल के अभिभाषण से
– स्वच्छता, सुरक्षा और सुव्यवस्था के नए मानक स्थापित : राज्यपाल
– आस्था और आधुनिकता का अद्भुत संगम बना महाकुंभ
– मौनी अमावस्या की दुर्भाग्यपूर्ण घटना पर जताया शोक, मृतकों को श्रद्धांजलि
– त्रिवेणी तट पर हुई मंत्रिपरिषद् की बैठक को बताया ऐतिहासिक
लखनऊ, 18 फरवरी। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने मंगलवार को विधानसभा के बजट सत्र 2025 के समवेत अधिवेशन को संबोधित किया। अपने अभिभाषण की शुरुआत उन्होंने प्रयागराज में आयोजित हो रहे दिव्य-भव्य महाकुंभ के उल्लेख से की और इसे ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की अवधारणा को साकार करने वाला बताया।
महाकुंभ ने रचे स्वच्छता और सुव्यवस्था के नए कीर्तिमान
राज्यपाल ने कहा कि महाकुंभ-2025 न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र बना है, बल्कि स्वच्छता, सुरक्षा और सुव्यवस्था के नए मानक भी गढ़े गए हैं। इस बार महाकुंभ में आस्था और आधुनिकता का अनूठा संगम देखने को मिला है।
संपूर्ण समाज के लिए समता और समरसता का संदेश
राज्यपाल ने कहा कि महाकुंभ विविधता में एकता का प्रतीक है और समता व समरसता का संदेश देता है। अब तक 50 करोड़ से अधिक श्रद्धालु त्रिवेणी संगम में पुण्य स्नान कर चुके हैं, जो इस आयोजन की भव्यता को दर्शाता है।
मौनी अमावस्या की घटना पर शोक
राज्यपाल ने मौनी अमावस्या पर हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना पर गहरा दुःख प्रकट किया। उन्होंने मृतकों को श्रद्धांजलि दी और शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
त्रिवेणी तट पर ऐतिहासिक मंत्रिपरिषद् बैठक
राज्यपाल ने 22 जनवरी 2025 को त्रिवेणी संगम तट पर हुई मंत्रिपरिषद् की बैठक को ऐतिहासिक करार दिया। उन्होंने कहा कि इस बैठक में प्रदेश हित में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए, जो आगे चलकर विकास की नई दिशा प्रदान करेंगे।
