AI के अनियंत्रित विकास से खतरा! जीएल बजाज में अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन संपन्न
मथुरा। जीएल बजाज ग्रुप ऑफ़ इंस्टीट्यूशंस, मथुरा में आयोजित दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन “इंटेलिजेंट कंट्रोल, कंप्यूटिंग और कम्युनिकेशन (IC3-2025)” सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। “इनोवेशन को अपनाना: अत्याधुनिक विकास का अन्वेषण” थीम पर आधारित इस सम्मेलन में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), कंप्यूटिंग और संचार प्रणालियों के नवीनतम आयामों पर गहन चर्चा हुई।
AI के अनियंत्रित विकास पर विशेषज्ञों की चिंता
मुख्य अतिथि रो. (डॉ.) डी. एस. चौहान (पूर्व कुलपति, यूपीटीयू) ने कहा कि दुनिया सूचना युग से बुद्धिमान युग की ओर बढ़ रही है, लेकिन बिना नियंत्रण के AI का विकास समाज के लिए गंभीर खतरा साबित हो सकता है। जर्मनी स्थित HLRS लैब के निदेशक माइकल एम. रेश ने अपने संबोधन में बताया कि बुद्धिमान कंप्यूटिंग ने पारंपरिक कम्प्यूटिंग की सीमाओं को तोड़ दिया है। उन्होंने “सुरक्षित, पारदर्शी और मानव-केंद्रित” कंप्यूटिंग को समय की आवश्यकता बताया।
शैक्षणिक व औद्योगिक सहभागिता
सम्मेलन में IEEE यूपी सेक्शन स्टूडेंट ब्रांच एक्टिविटी के चेयर प्रो. प्रभाकर तिवारी, पूर्व चेयर प्रो. आशीष पांडे और प्रो. एस. विक्रम सिंह समेत कई विशेषज्ञों ने भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. शिखा गोविल, डॉ. शंभवी कात्यायन मिश्रा और इंजीनियर मेधा खेणवार ने किया।
AI विकास के लिए नैतिकता व नियमन जरूरी
समापन सत्र में CEE के एक्जीक्यूटिव बोर्ड सदस्य प्रो. एस. के. काक ने कहा कि अनियंत्रित AI विकास मानवता के लिए खतरा बन सकता है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय नियमों, नैतिक AI विकास और रोजगार सृजन की जरूरत पर बल दिया।
230 से अधिक शोध पत्र प्रस्तुत, सर्वश्रेष्ठ को मिला सम्मान
सम्मेलन के दौरान 230 से अधिक शोध पत्र प्रस्तुत किए गए, जिनमें AI-आधारित नियंत्रण प्रणाली, अगली पीढ़ी की कंप्यूटिंग और संचार तकनीकों पर चर्चा हुई।
2 करोड़ का स्टार्टअप सीड फंड, NVIDIA कंप्यूटिंग सुविधा की घोषणा
जीएल बजाज की निदेशक प्रो. नीता अवस्थी ने संस्थान में अनुसंधान और नवाचार को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए 2 करोड़ के स्टार्टअप सीड फंड की घोषणा की। साथ ही, संस्थान की NVIDIA कंप्यूटिंग सुविधा भी प्रस्तुत की गई, जिससे छात्र अत्याधुनिक शोध कर सकेंगे।
समापन के दौरान सर्वश्रेष्ठ शोध पत्रों को पुरस्कृत किया गया और सभी गणमान्य अतिथियों व आयोजकों को सम्मानित किया गया।
