छत्रसाल स्टेडियम में वंश भाटी का जलवा, डिस्कस थ्रो में कांस्य पदक जीत रचा इतिहास
ग्रेटर नोएडा। सेक्टर जीटा-1 स्थित साकीपुर गांव के वंश भाटी ने अपनी कड़ी मेहनत और लगन से छत्रसाल स्टेडियम में आयोजित एनुअल रीजनल एथलेटिक मीट में डिस्कस थ्रो (1.5 किलोग्राम) स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर क्षेत्र का नाम रोशन किया। वंश रयान इंटरनेशनल स्कूल, ग्रेटर नोएडा में कक्षा 12 के छात्र हैं और उन्होंने इस प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया।
इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में एनसीआर के विभिन्न स्कूलों के प्रतिभाशाली एथलीटों ने भाग लिया। अंडर-18 आयु वर्ग की इस स्पर्धा में करीब 70-80 एथलीटों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली, लेकिन वंश ने अपनी तकनीक, धैर्य और आत्मविश्वास के दम पर बेहतरीन प्रदर्शन किया। उनके सटीक और प्रभावशाली थ्रो ने निर्णायकों को प्रभावित किया और उन्हें तीसरा स्थान दिलाया।
वंश भाटी की इस उपलब्धि से न केवल उनके स्कूल बल्कि पूरे ग्रेटर नोएडा में उत्साह का माहौल है। उनके कोच और परिवारजनों ने उनकी इस सफलता पर गर्व जताते हुए कहा कि यदि वे इसी तरह मेहनत करते रहे, तो भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी छाप छोड़ेंगे।
