संयुक्त राष्ट्र महासभा के अध्यक्ष फिलेमोन यांग का नोएडा जिला अस्पताल का दौरा
नोएडा, 5 फरवरी 2025: संयुक्त राष्ट्र महासभा के माननीय अध्यक्ष, फिलेमोन यांग, ने आज सेक्टर 39 स्थित जिला अस्पताल का दौरा किया। इस अवसर पर गौतम बुद्ध नगर के जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रेनू अग्रवाल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. ललित, संयुक्त आयुक्त शिवहरी मीणा, राम बदन सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट विवेकानंद मिश्र सहित प्रशासन, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
यांग ने अस्पताल की विभिन्न सुविधाओं का निरीक्षण किया और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता की सराहना की। उन्होंने अस्पताल प्रशासन के साथ बातचीत करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं में और सुधार के लिए सुझाव भी दिए। जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने उन्हें अस्पताल की वर्तमान स्थिति और भविष्य की योजनाओं के बारे में अवगत कराया।
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रेनू अग्रवाल ने बताया कि अस्पताल में विशेषज्ञ ओपीडी शुरू करने की तैयारी की जा रही है, जिससे मरीजों को और बेहतर सेवाएं मिल सकेंगी।
यांग की इस यात्रा से स्थानीय प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप सेवाएं प्रदान करने की प्रेरणा मिली है। उनकी उपस्थिति ने स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के प्रति प्रतिबद्धता को और मजबूत किया है।