पौवारी में 6.9 करोड़ की लागत से बनी गौशाला का हुआ उद्घाटन, 600 बेसहारा गोवंशों की होगी देखभाल
आज, 31 जनवरी 2025 को जेवर विधानसभा के दनकौर के समीप स्थित ग्राम पौवारी में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह और ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण की अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्रीलक्ष्मी वीएस की उपस्थिति में क्षेत्र की प्रमुख बच्चियों ने गौशाला का उद्घाटन किया। इस गौशाला का उद्देश्य 600 बेसहारा गोवंशों की देखभाल करना है, और इसकी कुल लागत 6 करोड़ 90 लाख रुपये है।
गौशाला का उद्घाटन करते हुए जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह ने कहा कि “गाय हमारी संस्कृति और धर्म का अहम हिस्सा हैं। हमें गौवंश के संरक्षण और संवर्धन के लिए हर संभव प्रयास करना होगा।” उन्होंने यह भी बताया कि “उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में गो संरक्षण को लेकर प्रदेश सरकार पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।”
इस मौके पर पूर्व मंत्री हरिश्चंद भाटी ने भी जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह की सराहना करते हुए कहा कि “जेवर विधायक ने इस इलाके को प्रदेश और दुनिया में पहचान दिलाई है। 2017 से पहले यह क्षेत्र विकास से दूर था, लेकिन अब जेवर विकास की राह पर है।”
कार्यक्रम के अंत में जेवर विधायक ने गौवंशों के लिए एक गाड़ी को हरी झंडी दिखाई और गौशाला परिसर में वृक्षारोपण किया।
इस अवसर पर अन्य प्रमुख नेता और समाजसेवी भी मौजूद रहे, जिनमें कासना मंडल अध्यक्ष दिनेश भाटी, राम सिंह नेता जी, राकेश भाटी, शशांक भाटी, संजय सिंह चेयरमैन नगर पंचायत बिलासपुर, सहित कई अन्य गणमान्य लोग शामिल थे।
