साईं माँ ने विदेशी भक्तों संग किया महाकुंभ में अमृत स्नान, भगदड़ में मारे गए लोगों के लिए की प्रार्थना
प्रयागराज, 29 जनवरी 2024 : मौनी अमावस्या के पावन अवसर पर जगद्गुरु साईं माँ लक्ष्मी देवी ने अपने विदेशी भक्तों के साथ प्रयाग महाकुंभ में दिव्य अमृत स्नान किया। इस अवसर पर साईं माँ के साथ 9 विदेशी महामंडलेश्वर संत भी उपस्थित थे। इनमें जापान, अमेरिका, फ्रांस, चिली, कनाडा सहित कई देशों के भक्त शामिल हुए, जिन्होंने इस धार्मिक अनुष्ठान में भाग लिया।
कुंभ मेले के सेक्टर 17 स्थित शक्तिधाम आश्रम से परंपरागत रूप से साईं माँ और उनके विदेशी संतों ने त्रिवेणी संगम में स्नान किया। इस दौरान महामंडलेश्वर अनंतदास महाराज, त्रिवेणी दास महाराज, श्रीदेवी मां, जीवन दास महाराज, ललिता श्री मां, आचार्य दयानंद दास महाराज, और राजेश्वरी मां सहित अन्य प्रमुख संत भी उपस्थित थे। इसके अलावा बेल्जियम, स्विट्जरलैंड, आयरलैंड, कनाडा जैसे देशों से भी कई विदेशी भक्त इस आयोजन में शामिल हुए।
साईं माँ ने इस आयोजन के दौरान कहा कि “महाकुंभ धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से बहुत महत्वपूर्ण है। यह आस्था और भावनाओं का मेला है। मौनी अमावस्या के अवसर पर त्रिवेणी संगम में स्नान करना हमारे लिए सौभाग्य की बात है।” इसके साथ ही उन्होंने कुंभ मेले के दौरान भगदड़ में अपनी जान गंवाने वाले लोगों के प्रति शोक व्यक्त किया और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
साईं माँ ने बताया कि शक्तिधाम आश्रम में इन मृतकों और घायलों के लिए यज्ञ का आयोजन भी किया जाएगा। साईं माँ और उनके भक्तों का यह आयोजन धार्मिक और आध्यात्मिक दृष्टि से बहुत महत्वपूर्ण रहा।
गौरतलब है कि साईं माँ ने 2019 के कुंभ मेले में अपने 9 ब्रह्मचारियों को महामंडलेश्वर की उपाधि दी थी, जो एक ऐतिहासिक घटना थी। साईं माँ ने अपने जीवन को सनातन धर्म के ज्ञान को फैलाने के लिए समर्पित किया है और उन्होंने दुनिया भर में आध्यात्मिक केंद्रों की स्थापना की है।
