उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस: छह व्यक्तियों को मिलेगा उत्तर प्रदेश गौरव सम्मान
उत्तर प्रदेश के 75 जिलों में मनाए जाएंगे विविध आयोजन, “विकास व विरासत प्रगति पथ पर उत्तर प्रदेश” थीम पर कार्यक्रम
लखनऊ, 23 जनवरी 2025: उत्तर प्रदेश के स्थापना दिवस का आयोजन 24 से 26 जनवरी तक अवध शिल्पग्राम में धूमधाम से किया जाएगा। इस दौरान प्रदेश के 75 जिलों में भी अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित होंगे। मुख्य महोत्सव में उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, राज्यपाल आनंदी बेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शामिल होंगे। इस साल की थीम “विकास व विरासत प्रगति पथ पर उत्तर प्रदेश” है।
संस्कृति और पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि 24 से 26 जनवरी तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिसमें प्रदर्शनी, संगोष्ठी, सांस्कृतिक कार्यक्रम, रोड शो और प्रतियोगिताएं शामिल हैं। 25 जनवरी को राष्ट्रीय पर्यटन दिवस और 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस का भी भव्य आयोजन होगा।
विरासत और विकास पर होगी प्रदर्शनी
विरासत और विकास पर आधारित प्रदर्शनी लगाई जाएगी, जिसमें पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जीवन पर, भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती, सरदार पटेल और हमारे संविधान पर विशेष प्रदर्शनी शामिल होगी।
पर्यटन दिवस पर विविध आयोजन
25 जनवरी को राष्ट्रीय पर्यटन दिवस के अवसर पर युवा पर्यटन क्लब के सदस्य पेंटिंग, रील्स और प्रदर्शनी आयोजित करेंगे। 26 जनवरी को संस्कृति और कला क्षेत्र की हस्तियों को राजभवन में सम्मानित किया जाएगा।
उत्तर प्रदेश गौरव सम्मान
इस साल छह प्रमुख व्यक्तियों को ‘उत्तर प्रदेश गौरव सम्मान’ से नवाजा जाएगा। इन्हें 11 लाख रुपये, प्रशस्ति पत्र और अंगवस्त्र दिए जाएंगे। पुरस्कार पाने वालों में वाराणसी के कृष्णकांत शुक्ल (भौतिक विज्ञान, संगीतकार, कवि), वृंदावन के हिमांशु गुप्ता (उद्यमी-पर्यावरणविद), कानपुर के मनीष वर्मा (कृषि-दलित उद्यमी), बुलंदशहर की कृष्णा यादव (महिला उद्यमी), बुलंदशहर के कर्नल सुभाष देशवाल (कृषि-उद्यम) और बहराइच के डॉ. जय सिंह (केला उत्पादन) शामिल हैं।