जीबीयू रजिस्ट्रार डॉ विश्वास त्रिपाठी सहित सात फैकल्टी को मिला रिसर्च एक्सीलेंस अवार्ड 2023
गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय (जीबीयू) ने 2023 में विश्व स्तरीय रिसर्च को बढ़ावा देने के लिए एक नई पहल की शुरुआत की है। इस पहल के तहत विश्वविद्यालय के उन शोधकर्ताओं और संकाय सदस्यों को सम्मानित किया गया है जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उच्च मानक वाले शोध पत्र प्रकाशित किए हैं। रिसर्च एक्सीलेंस अवार्ड 2023 के अंतर्गत कुल आठ शोधकर्ताओं का चयन किया गया, जिनमें विश्वविद्यालय के कुल सचिव डॉ विश्वास त्रिपाठी को तीन अंतरराष्ट्रीय शोध पत्रों के लिए सम्मानित किया गया।
अवॉर्ड वितरण समारोह में जीबीयू के कुल सचिव डॉ विश्वास त्रिपाठी के साथ-साथ डॉ रेखा पुरिया, डॉ जितेंद्र सिंह राठौड़, डॉ विवेक शुक्ला, डॉ विदुषी शर्मा, डॉ कीर्ति पाल और डॉ शिव शंकर को भी सम्मानित किया गया। उल्लेखनीय है कि डॉ विश्वास त्रिपाठी ने कोविड-19 के दौरान कोरोना पर किए गए अपने शोध कार्य के लिए पहले भी पुरस्कार प्राप्त किया था।
विश्वविद्यालय द्वारा इस अवार्ड के लिए सभी रिसर्चर्स से आवेदन पत्र आमंत्रित किए गए थे, जिन्हें एक उच्च स्तरीय समिति ने गहन परीक्षण के बाद चयनित किया। यह पुरस्कार उन शोधकर्ताओं को दिया गया जिन्होंने एक वर्ष में अधिकतम तीन अंतरराष्ट्रीय शोध पत्र प्रकाशित किए।
कार्यक्रम में जीबीयू के कुलपति प्रोफेसर रविंद्र सिन्हा ने सभी शोधकर्ताओं को अपनी उत्कृष्टता के लिए बधाई दी और सभी संकाय सदस्यों से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विश्वविद्यालय की प्रतिष्ठा को बढ़ाने के लिए उत्कृष्ट शोध करने का आह्वान किया। कार्यक्रम की संयोजिका डॉ इंदु उप्रीति और प्रोफेसर श्वेता आनंद ने अवार्ड विनर्स के शोध कार्यों का उल्लेख किया और उनके चयन प्रक्रिया को विस्तार से बताया।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के सभी प्रमुख विभागों के विभागाध्यक्ष और संकाय सदस्य भी उपस्थित थे।