महाकुम्भ में श्रद्धालुओं के लिए ऑनलाइन अलाव लकड़ी व्यवस्था, यूपी वन निगम ने किया डिजिटल इंतजाम
तीर्थयात्रियों को मिलेगा 600 रुपये प्रति क्विंटल में लकड़ी, 16 डिपो पर होगी आपूर्ति, मोबाइल से खोज सकते हैं निकटतम डिपो
महाकुम्भनगर, 20 जनवरी: महाकुम्भ में आने वाले श्रद्धालुओं को ठंड से बचाने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने एक अनोखा और डिजिटल कदम उठाया है। अब महाकुम्भ में देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को अलाव की लकड़ी के लिए किसी प्रकार की दिक्कत का सामना नहीं करना पड़ेगा। उत्तर प्रदेश वन निगम ने लकड़ी की आपूर्ति को ऑनलाइन कर दिया है, जिससे श्रद्धालु आसानी से गूगल लोकेशन के माध्यम से लकड़ी डिपो ढूंढ सकते हैं।
महाकुम्भ के दौरान बढ़ती हुई भीड़ और लकड़ी की आपूर्ति की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए 16 डिपो स्थापित किए गए हैं। इन डिपो को “फायरवुड डिपो प्रयागराज” सर्च करके आसानी से खोजा जा सकता है। इसके अलावा, मोबाइल नेविगेशन की मदद से श्रद्धालु अपने निकटतम डिपो तक आसानी से पहुंच सकते हैं।
उत्तर प्रदेश वन निगम के अनुसार, महाकुम्भ के दौरान लगभग 27,000 क्विंटल लकड़ी की आपूर्ति की जाएगी और प्रत्येक डिपो पर लकड़ी की कीमत 600 रुपये प्रति क्विंटल होगी। यह कदम न केवल श्रद्धालुओं के लिए सहूलियत लाएगा, बल्कि डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से इसे और भी सुगम बनाएगा।
