मुठभेड़ में एक लाख का इनामी बदमाश गिरफ्तार, पुलिस की गोली से घायल, कन्नौज डकैती कांड का है मुख्य आरोपी
कन्नौज डकैती का वांटेड आरोपी मथुरा में पकड़ा गया, तमंचा व नकदी बरामद
नोएडा। उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) नोएडा यूनिट और मथुरा के थाना हाईवे पुलिस ने संयुक्त अभियान में एक लाख रुपए के इनामी बदमाश को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई थाना हाईवे क्षेत्र में हुई, जहां पुलिस की गोली बदमाश के पैर में लगी।
डकैती का मास्टरमाइंड निकला आरोपी
एसटीएफ नोएडा यूनिट के अपर पुलिस अधीक्षक राजकुमार मिश्रा ने बताया कि गिरफ्तार बदमाश की पहचान कैलाश पारदी के रूप में हुई है। वह कन्नौज में हुई एक बड़ी डकैती का मुख्य आरोपी था। उसकी गिरफ्तारी पर उत्तर प्रदेश पुलिस ने एक लाख रुपए का इनाम घोषित कर रखा था।
तमंचा और नकदी बरामद
घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने उसके पास से एक देसी तमंचा, जिंदा कारतूस और 1,265 रुपए नगद बरामद किए हैं। मिश्रा ने बताया कि बदमाश पर पहले से कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।
संयुक्त कार्रवाई से बड़ी सफलता
पुलिस का कहना है कि यह गिरफ्तारी मथुरा और आसपास के क्षेत्र में अपराध पर लगाम लगाने में मददगार साबित होगी। एसटीएफ और थाना हाईवे पुलिस की इस कार्रवाई को अपराध के खिलाफ एक बड़ी सफलता माना जा रहा है।