329 प्लॉट्स की अवैध बिक्री पर रेरा का बड़ा एक्शन, अंसल पर 14 करोड़ से ज्यादा का जुर्माना
लखनऊ। रेरा प्राधिकरण ने सुशांत गोल्फ सिटी, लखनऊ में 329 प्लॉट्स की अवैध बिक्री के मामले में अंसल प्रॉपर्टीज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड पर ₹14.40 करोड़ का जुर्माना लगाया है। यह जुर्माना रेरा कानून का उल्लंघन करने पर लगाया गया है।
क्या है मामला?
26 मार्च 2022 से 14 अगस्त 2024 के बीच अंसल ने कई सेक्टरों में बिना पंजीकरण के 329 प्लॉट्स बेचे। इनमें सेक्टर M, H, J, G, F और B के पॉकेट शामिल हैं। बिना रेरा पंजीकरण के प्लॉट बेचना कानून का उल्लंघन है।
नोटिस पर नहीं दिया सही जवाब
रेरा ने कंपनी को कई बार कारण बताओ नोटिस भेजे, लेकिन कंपनी ने संतोषजनक जवाब नहीं दिया। सुनवाई के दौरान भी सही दस्तावेज और जवाब नहीं मिलने पर यह जुर्माना लगाया गया।
30 दिन में जुर्माना न भरने पर होगी कड़ी कार्रवाई
रेरा ने आदेश दिया है कि कंपनी 30 दिन के अंदर जुर्माना भरे। अगर ऐसा नहीं हुआ, तो कानून के तहत और सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ग्राहकों को होगा फायदा
यह कार्रवाई रियल एस्टेट क्षेत्र में पारदर्शिता और ग्राहकों के हितों को सुरक्षित रखने के लिए की गई है।
