गैंगस्टर एक्ट में वांछित शातिर लुटेरा गिरफ्तार
ग्रेटर नोएडा के थाना सूरजपुर पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट में वांछित चल रहे एक शातिर लुटेरे को गिरफ्तार किया है। इस अपराधी के खिलाफ पूर्व में लूटपाट, पुलिस पर गोली चलाने सहित कई गंभीर धाराओं में मामले दर्ज हैं। थाना सूरजपुर के प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि हीरालाल पुत्र प्रमोद कश्यप गैंगस्टर एक्ट के मामले में वांछित है। इसके बाद पुलिस ने आज सुबह लखनावली गांव के पास छापेमारी की और उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, यह शातिर अपराधी एक संगठित गिरोह का सदस्य है, जिसमें पंकज बैसला, हीरालाल, फरमान और नितिन उर्फ मोगली शामिल हैं। उनका गिरोह लूटपाट की घटनाओं को अंजाम देता था, और इसके गिरोह का सरगना पंकज बैसला उर्फ बादशाह है। गिरफ्तार आरोपी के पास से पुलिस ने एक अवैध चाकू भी बरामद किया, जिसे वह लूटपाट की नीयत से लेकर घूम रहा था। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार किया और इस मामले की जांच जारी है।
Tag: #GangsterAct #Loot #GreaterNoidaPolice #Arrest
