स्वच्छ महाकुम्भ का संदेश देने के लिए निकाली गई स्वच्छता रथ यात्रा
उत्तर प्रदेश की योगी सरकार के दिव्य, भव्य और स्वच्छ महाकुम्भ के संकल्प को धरातल पर उतारने के लिए प्रयागराज में एक अनोखी पहल की गई है। योगी सरकार की कोशिश है कि महाकुम्भ के दौरान प्रयागराज शहर को न केवल धार्मिक दृष्टि से, बल्कि स्वच्छता के दृष्टिकोण से भी आदर्श बनाया जाए। इसी उद्देश्य को लेकर नगर निगम प्रयागराज द्वारा स्वच्छता रथ यात्रा का आयोजन किया गया। यह यात्रा न केवल महाकुम्भ के आगंतुकों के लिए एक संदेश लेकर आई, बल्कि शहरवासियों को भी स्वच्छता के महत्व को समझाने का प्रयास किया गया।
स्वच्छता रथ यात्रा की शुरुआत नगर निगम के महापौर उमेश चंद गणेश केशरवानी ने हरी झंडी दिखाकर की। यह यात्रा चौक कोतवाली से शुरू होकर शहर के विभिन्न हिस्सों से होती हुई राम भवन चौराहे पर समाप्त हुई। यात्रा के दौरान नगर निगम के सफाई कर्मी, पार्षद और मेयर सहित शहर के लोग बढ़-चढ़कर शामिल हुए और स्वच्छता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने में मदद की। महापौर उमेश चंद गणेश केशरवानी ने इस रथ यात्रा का उद्देश्य महाकुम्भ के दौरान स्वच्छ प्रयागराज के दर्शन कराना बताया। उनका कहना था कि “मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के स्वच्छ महाकुम्भ के संकल्प को लेकर यह यात्रा निकाली गई है। प्रयागराज को स्वच्छ, स्वस्थ और अनुशासित बनाने के लिए लोगों से अपील की जा रही है कि वे कूड़ा न फैलाएं, डस्टबिन का उपयोग करें और सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग न करें।”
स्वच्छ रथ यात्रा में एक विशाल रथ पर मां गंगा की भव्य मूर्ति और महाकुम्भ के प्रतीक साधुओं के स्कल्पचर को प्रदर्शित किया गया था। रथ के चारों ओर पेड़-पौधों से सजावट की गई थी, जिससे यह और भी आकर्षक और स्वच्छता का प्रतीक बन गया। यात्रा के दौरान नुक्कड़ नाटक और स्वच्छता संगीत बैंड के माध्यम से भी स्वच्छता का संदेश दिया गया। नुक्कड़ नाटक के कलाकारों ने लोगों को सूखा और गीला कूड़ा अलग-अलग डस्टबिन में डालने की महत्वपूर्ण जानकारी दी। डस्टबिन के विभिन्न रंगों को लेकर कलाकारों ने प्रदर्शन किया और स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने की कोशिश की।
यह स्वच्छता रथ यात्रा महाकुम्भ नगर में एक नई जागरूकता का संचार करती है। यात्रा के मार्ग में लोगों ने रथ का स्वागत किया और सफाई की दिशा में योगदान देने का संकल्प लिया। रथ यात्रा के साथ ही नगर निगम के कर्मियों ने सफाई के प्रति लोगों को प्रेरित किया और कूड़ा प्रबंधन, प्लास्टिक मुक्त शहर और जल संरक्षण के महत्व पर जोर दिया।
स्वच्छ महाकुम्भ की दिशा में यह कदम एक बड़ा मील का पत्थर साबित हो सकता है। इस यात्रा के द्वारा प्रयागराज के नागरिकों को यह संदेश दिया गया कि महाकुम्भ के दौरान सिर्फ धार्मिक आस्था ही नहीं, बल्कि स्वच्छता भी जरूरी है। यह अभियान न केवल महाकुम्भ के समय, बल्कि पूरे साल भर चलने वाली एक लंबी प्रक्रिया का हिस्सा है, जो शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में मदद करेगा।
Tag: #CleanKumbh #SwachhataRathYatra #YogiGovernment #Prayagraj #Kumbh2025
