गौड़ सिटी गुरुद्वारा में गुरु गोविंद सिंह जी का 359वां प्रकाश पर्व धूमधाम से मनाया गया
ग्रेनो वेस्ट: गौड़ सिटी स्थित गुरुद्वारा सिंह सभा में 6 जनवरी को सिखों के दसवें गुरु श्री गुरु गोविंद सिंह जी का 359वां प्रकाश पर्व बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर गुरुद्वारा साहिब को सुंदर ढंग से सजाया गया और सवेरे से ही श्रद्धालु मत्था टेकने के लिए बड़ी संख्या में पहुंचे।
प्रभात फेरियों का आयोजन
प्रकाश पर्व से पहले, 15 दिसंबर 2024 से 4 जनवरी 2025 तक गुरुद्वारा साहिब की ओर से प्रभात फेरियों का आयोजन किया गया। ये फेरी क्रॉसिंग, गौड़ सिटी, और नोएडा वेस्ट के विभिन्न क्षेत्रों में रहने वाले श्रद्धालुओं के निवास स्थान तक गईं।
संगत को मंत्रमुग्ध करने वाला कीर्तन
प्रातः 10:30 बजे अखंड पाठ की समाप्ति के बाद रागी जत्था भाई अमरजीत सिंह जी (हजूरी रागी जत्था), भाई अवनीत सिंह जी (दिल्ली), और भाई जसप्रीत सिंह जी (गोनियाना मंडी) ने गुरुवाणी कीर्तन प्रस्तुत किया, जिससे संगत भावविभोर हो गई। इसके पश्चात कथावाचक भाई हरवीर सिंह जी (हेड ग्रंथी) ने गुरु के कार्यों और जीवनदर्शन पर प्रकाश डाला।
चाय-प्रसाद और अटूट लंगर
प्रभात से ही श्रद्धालुओं के लिए चाय, दूध, मठ्ठी और लड्डू जैसी सेवाएं लगातार चलती रहीं। दोपहर 2 बजे दीवान की समाप्ति के बाद गुरु का अटूट लंगर वितरित किया गया, जिसमें भारी संख्या में श्रद्धालुओं और विभिन्न समुदायों के लोगों ने भाग लिया।
रात्रिकालीन कीर्तन और सम्मान समारोह
रात्रि के दीवान में भी रागी साहिबान ने गुरु के जीवनदर्शन पर आधारित कीर्तन प्रस्तुत किए, जिससे श्रद्धालु मंत्रमुग्ध हो गए। अध्यक्ष सुरिंदर सिंह जी ने गुरुपरंपरा के अनुसार अतिथियों और रागी जत्थों को सरोपा भेंट कर सम्मानित किया।
समारोह संचालन में मुख्य योगदान
दीवान का संपूर्ण संचालन उपाध्यक्ष जसपाल सिंह जी ने किया। भूतपूर्व अध्यक्ष एवं कार्यकारिणी सदस्य आर.एस. उप्पल, मुख्य प्रबंधक नरेंद्र सिंह बब्बर, और कार्यकारिणी सदस्य नरेंद्र सिंह ग्रोवर ने प्रकाश पर्व के आयोजन में सक्रिय योगदान दिया।
गुरुद्वारा सिंह सभा का यह आयोजन संगत के लिए श्रद्धा, सेवा और समर्पण का प्रतीक बना।
