जेवर के प्रवीण को मिलेगा मेजर ध्यानचंद खेल रत्न, पेरिस पैरालिंपिक में रच चुका है इतिहास
नई दिल्ली। पेरिस पैरालंपिक 2024 में स्वर्ण पदक जीतने वाले जेवर के लाल प्रवीण कुमार को देश का सर्वोच्च खेल सम्मान, मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार 2024, 17 जनवरी को राष्ट्रपति द्वारा प्रदान किया जाएगा। यह घोषणा गुरुवार को खेल मंत्रालय ने की। प्रवीण को इससे पहले अर्जुन पुरस्कार से भी नवाजा जा चुका है।
गोविंदगढ़ गांव के किसान अमरपाल सिंह के बेटे प्रवीण ने दिव्यांगता को कभी अपनी कमजोरी नहीं बनने दिया। जन्म से ही एक पैर छोटा होने के बावजूद उन्होंने मेहनत और लगन से सफलता की नई ऊंचाइयां छुईं। बचपन में गांव की गलियों में दोस्तों के साथ खेलते हुए प्रवीण ने खेलों के प्रति अपना जुनून जगाया।
पेरिस पैरालंपिक में स्वर्णिम छलांग लगाने वाले प्रवीण ने 2020 के टोक्यो पैरालंपिक में रजत पदक और पैरा एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। उनकी इस सफलता ने न केवल उनके परिवार और गांव, बल्कि पूरे क्षेत्र में उत्साह और गर्व का माहौल बना दिया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी प्रवीण की इस उपलब्धि की सराहना की है। पेड़ों से छलांग लगाने से शुरू हुआ उनका सफर आज स्वर्णिम सफलता की ऊंचाइयों तक पहुंच चुका है।