कड़ाके की ठंड और कोहरे के कारण कक्षा 1 से 8 तक के स्कूल बंद
नोएडा। बढ़ती ठंड और घने कोहरे को देखते हुए गौतमबुद्ध नगर में कक्षा 1 से 8 तक के सभी स्कूल शुक्रवार से अग्रिम आदेश तक बंद रहेंगे। यह निर्णय बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर लिया गया है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पंवार ने सभी स्कूलों के प्रधानाचार्यों को निर्देश जारी करते हुए कहा कि डीएम मनीष कुमार वर्मा के आदेशानुसार, लगातार गिरते तापमान और सुबह के घने कोहरे के कारण बच्चों को स्कूल आने में कठिनाई हो सकती है।
जारी निर्देश के मुताबिक, यह आदेश यूपी बोर्ड, सीबीएसई, आईसीएसई और आईबी समेत सभी बोर्ड के स्कूलों पर लागू होगा। बीएसए ने सख्त चेतावनी दी है कि अगर किसी स्कूल ने इन आदेशों की अवहेलना कर अवकाश के दौरान कक्षाएं संचालित कीं, तो संबंधित स्कूल प्रबंधन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
पिछले कुछ दिनों से जिले में सर्दी का प्रकोप बढ़ता जा रहा है, जिससे खासकर छोटे बच्चों को सुबह स्कूल पहुंचने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन ने बच्चों और अभिभावकों से सहयोग की अपील की है।
