बोधि तरु इंटरनेशनल स्कूल में 12वीं के छात्र-छात्राओं को दी गई भावपूर्ण विदाई
ग्रेटर नोएडा: बोधि तरु इंटरनेशनल स्कूल में कक्षा 12वीं के छात्र-छात्राओं के लिए एक विशेष विदाई समारोह का आयोजन किया। यह कार्यक्रम उनके शैक्षिक सफर के समापन और नए जीवन की शुरुआत का प्रतीक था।
समारोह की शुरुआत कक्षा 11वीं के छात्रों द्वारा प्रस्तुत किए गए गीत, नृत्य और खेलों से हुई, जिनमें छात्रों ने अपनी कला का शानदार प्रदर्शन किया। शिक्षकों ने भी इस अवसर पर एक दिलचस्प प्रस्तुति दी, जिसने कार्यक्रम को और भी खास बना दिया।
समारोह का प्रमुख आकर्षण 12वीं कक्षा के छात्रों का गरिमामय रैम्प वॉक था, जहां उन्होंने आत्मविश्वास और स्टाइल का बेहतरीन उदाहरण प्रस्तुत किया। “मि. और मिस. ईव” तथा “मि. और मिस. फेयरवेल” प्रतियोगिताओं में छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विजेताओं को तालियों के बीच ताज पहनाया गया।
बोधि तरु इंटरनेशनल स्कूल की प्रधानाचार्या, जुही सिंह ने इस अवसर पर अपने प्रेरणादायक शब्दों से छात्र-छात्राओं को जीवन में सफलता के लिए मार्गदर्शन प्रदान किया। विद्यालय के सीनियर चेयरमैन, के.एम. पांडेय ने भी विद्यार्थियों को अपने लक्ष्यों के प्रति समर्पण और मेहनत के महत्व को बताया।
समारोह का समापन एक शानदार भोज के साथ हुआ, जिसमें छात्रों और शिक्षकों ने मिलकर स्कूल में बिताए गए अद्भुत समय को याद किया और इस दिन की खुशियों को साझा किया।
