मिशन शक्ति 5.0 के तहत महिला सशक्तिकरण और सुरक्षा पर जोर, महिलाओं को दी गई जागरूकता
गौतमबुद्धनगर। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर के निर्देशन में और डीसीपी महिला सुरक्षा श्रीमती सुनीति के पर्यवेक्षण में मिशन शक्ति अभियान 5.0 के अंतर्गत महिला बीट अधिकारियों ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में महिलाओं और बच्चियों को सशक्तिकरण, सुरक्षा और उनके अधिकारों के बारे में जागरूक किया।
आज 1 जनवरी 2025 को, एसीपी महिला सुरक्षा श्रीमती सौम्या सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गांवों, सोसायटियों, लेबर कॉलोनियों और बाजारों में जाकर महिलाओं और बच्चियों से संपर्क किया। उन्हें महिला सशक्तिकरण अभियान, महिलाओं के प्रति अपराधों, साइबर क्राइम से सुरक्षा, और विभिन्न सरकारी योजनाओं जैसे मिशन शक्ति 5.0, शुभ मंगल योजना के बारे में जानकारी दी गई।
महिला पुलिसकर्मियों ने कार्यक्रम के दौरान उपस्थित महिलाओं और बच्चियों को पोश एक्ट और लैंगिक अपराधों से बचाव के बारे में विस्तार से बताया। इसके साथ ही हेल्पलाइन नंबर जैसे महिला हेल्पलाइन (1090), मुख्यमंत्री हेल्पलाइन (1076), साइबर हेल्पलाइन (1930), और चाइल्ड हेल्पलाइन (1098) के बारे में जानकारी दी गई।
इस अभियान के अंतर्गत महिला सशक्तिकरण, आत्मरक्षा, घरेलू हिंसा, साइबर सुरक्षा, बच्चों के विकास और अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर महिलाओं को जागरूक किया जा रहा है। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर का यह कदम महिलाओं को सुरक्षित और सशक्त बनाने के दिशा में अहम कदम है।