नोएडा: जन्म के बाद कूड़े में फेंकी गई नवजात बच्ची की दर्दनाक मौत, कलयुगी माता-पिता के खोज में जुटी पुलिस
नोएडा। थाना सेक्टर-58 क्षेत्र के रजत विहार सोसायटी के गेट के बाहर शनिवार सुबह एक नवजात बच्ची का शव कूड़े के ढेर में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
स्थानीय लोगों का मानना है कि लोकलाज के डर से बच्ची की मां ने जन्म के तुरंत बाद उसे कूड़े में फेंक दिया। ठंड और उपेक्षा के कारण बच्ची ने दम तोड़ दिया। घटना स्थल पर भारी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए और इस अमानवीय कृत्य की निंदा की।
थाना सेक्टर-58 के प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार ने बताया कि बच्ची के माता-पिता की पहचान के प्रयास जारी हैं। घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि दोषियों को पकड़ा जा सके। उन्होंने आश्वासन दिया कि इस मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस हृदयविदारक घटना ने समाज के सामने संवेदनशीलता और जिम्मेदारी का बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। पुलिस ने कहा है कि मामले की जल्द से जल्द गुत्थी सुलझाई जाएगी।
