मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का विपक्ष पर तीखा हमला, संविधान में बदलाव की कोशिशों को किया खारिज
राम, कृष्ण और बुद्ध के आदर्शों पर चलने की बात कही, समाजवादी पार्टी को दी नसीहत
लखनऊ, 16 दिसंबर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज शीतकालीन सत्र के दौरान विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने समाजवादी पार्टी (सपा) को संविधान के मूल प्रस्तावना को पढ़ने की सलाह दी और कहा कि जो लोग संविधान में बदलाव की बात कर रहे हैं, उन्हें यह समझना चाहिए कि हमारे संविधान में राम, कृष्ण और बुद्ध के आदर्शों का संदेश है, लेकिन धर्मनिरपेक्षता और समाजवाद शब्द कहीं भी नहीं हैं।
योगी ने कहा, “आप लोगों को संविधान के मौलिक अधिकारों को देखना चाहिए, उसमें राम भी नजर आएंगे, कृष्ण भी नजर आएंगे, और लंका दहन के बाद बजरंग बली और ज्ञान का उपदेश देने वाले बुद्ध भी नजर आएंगे। यही भारतीय समृद्ध परंपरा का दर्शन है, लेकिन धर्मनिरपेक्षता या समाजवाद शब्द संविधान में कहीं नहीं है।”
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि विपक्ष का उद्देश्य केवल सत्ता हथियाना है और वे संविधान का गला घोंटने वालों के पिछलग्गू बनकर जनता की आंखों में धूल झोंकने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन ऐसा नहीं होने देगा देश।
सीएम योगी ने अपने बयान में यह भी कहा कि, “हम तो राम और कृष्ण को ही मानते हैं, बुद्ध पर विश्वास करते हैं और उन्हीं को आदर्श मानकर कार्य करते हैं।” उन्होंने कहा कि शासन पद्धति में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा और उनकी पार्टी जनता के विश्वास के साथ आगे बढ़ रही है।
योगी ने उत्तर प्रदेश में हुए उपचुनावों का हवाला देते हुए विपक्ष की हार का जिक्र किया और कहा, “संभल में तो जैसे ही असलियत सामने आई, जनता ने कह दिया सफाचट। उपचुनाव में बीजेपी और एनडीए गठबंधन ने 9 में से 7 सीटें जीतीं।”
मुख्यमंत्री ने प्रदेश में हुए दंगों के संदर्भ में भी बात की और कहा कि पहले प्रदेश में दंगे होते थे, जिससे माहौल खराब होता था। अब प्रदेश में सुरक्षा का माहौल है और लोग कानून व्यवस्था पर विश्वास करते हैं। इसका परिणाम यह है कि उत्तर प्रदेश को 40 लाख करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव प्राप्त हुआ है।
Tags: #YogiAdityanath #Constitution #RamKrishnaBuddha #OppositionAttack #UttarPradesh #LawAndOrder #BJP #SaffronPolitics #IndianPolitics #Farmers #Investments #Society
