दिसंबर अंत तक तैयार होगा फिल्म सिटी का लेआउट प्लान
ग्रेटर नोएडा: फिल्म सिटी का लेआउट प्लान दिसंबर अंत तक तैयार हो जाएगा। बेव्यू भूटानी फिल्म सिटी प्रा. लि. व यमुना प्राधिकरण के बीच जुलाई में अनुबंध हुआ था। इसके तहत छह माह में लेआउट प्लान स्वीकृति के लिए आवेदन करना अनिवार्य है। प्राधिकरण विकासकर्ता कंपनी को जल्द ही जमीन का भौतिक कब्जा सौंप देगा।
यमुना प्राधिकरण ने सेक्टर 21 में 230 एकड़ में फिल्म सिटी विकसित करने के लिए बेव्यू भूटानी फिल्म सिटी प्रा. लि. के साथ जुलाई में अनुबंध हस्ताक्षर किए थे। फिल्म निर्माण निर्देशक बोनी कपूर की अगुवाई वाली इस कंपनी को तीन साल में फिल्म सिटी विकसित कर फिल्म निर्माण की गतिविधियों को शुरू करना है। प्राधिकरण के ओएसडी शैलेंद्र भाटिया ने बताया कि दिसंबर तक लेआउट प्लान स्वीकृति के लिए आवेदन करना अनिवार्य है। इसे मंजूरी मिलने के बाद ही निर्माण कार्य शुरू किया जा सकता है। फिल्म सिटी परियोजना एक हजार एकड़ और दस हजार करोड़ की है, लेकिन पहले चरण में 230 एकड़ में इसे विकसित किया जा रहा है। इसे सात जोन में विकसित किया जाएगा। फिल्म सिटी के लिए स्पेशल परपज कंपनी बेव्यू भूटानी फिल्म सिटी प्रा. लि. का गठन किया गया है। बोनी कपूर को कंपनी का चेयरमैन बनाया गया है। यीडा के सीईओ इसमें निदेशक के तौर पर शामिल किए गए हैं।
