अब व्हाट्सएप पर मिलेगा नोएडा-ग्रेनो मेट्रो का टिकट, लाइन में लगने की झंझट खत्म
नोएडा। नोएडा-ग्रेटर नोएडा के एक्वा लाइन मेट्रो पर सफर करना अब और आसान होने वाला है। जल्द ही यात्री व्हाट्सएप के जरिए मेट्रो टिकट ले सकेंगे। नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (एनएमआरसी) ने इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं।
एनएमआरसी के अधिकारियों के अनुसार, व्हाट्सएप टिकटिंग के लिए जल्द ही एक नंबर जारी किया जाएगा। यात्री उस नंबर पर “हाय” लिखकर टिकट प्रक्रिया शुरू कर सकेंगे। भाषा का चयन, यात्रा के स्टेशन, टिकट की संख्या आदि जानकारी देने के बाद ऑनलाइन भुगतान करना होगा। इसके बाद यात्रियों को क्यूआर कोड के रूप में टिकट मिलेगा, जिससे वह आसानी से मेट्रो का सफर कर सकेंगे।
गौरतलब है कि हाल ही में एनएमआरसी ने सभी 21 मेट्रो स्टेशनों पर टोकन वेंडिंग मशीनें भी लगाई हैं। इन सुविधाओं से यात्रियों को लंबी लाइनों से छुटकारा मिलेगा और मेट्रो यात्रा और सुगम बनेगी।
