नोएडा पुलिस की बड़ी कामयाबी: अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़, पांच गिरफ्तार
नोएडा। थाना सेक्टर-20 पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की पांच कारें, 50 इंच का एलईडी टीवी, एक इन्वर्टर, एक ल्युमिनस बैटरी, और घटना में प्रयुक्त औजार बरामद किए हैं। आरोपियों से एक .315 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस भी बरामद हुआ है।
पुलिस ने यह कार्रवाई 19 नवंबर 2024 को लोकल इंटेलिजेंस और गुप्त सूचना के आधार पर एलिवेटेड रोड के पास निठारी इलाके में की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विनोद, आदेश कुमार, करन जाट उर्फ सोनू, प्यारे लाल, और इन्द्राज के रूप में हुई है। गिरोह का सरगना करन जाट उर्फ सोनू है, जो विश्वास नगर, शाहदरा, नई दिल्ली का निवासी है।
इस गिरोह का मुख्य काम एनसीआर और आसपास के जिलों में गाड़ियां चोरी करना और फिर उनकी नंबर प्लेट बदलकर उन्हें बेच देना था। करन जाट के एक अन्य साथी की तलाश जारी है। पुलिस ने जिन कारों को बरामद किया है, उनमें क्रेटा, वर्ना, ब्रेजा, टोयोटा कोरोला एल्टिस और एक बिना नंबर प्लेट की सफेद स्विफ्ट शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, गिरोह तकनीकी उपकरणों जैसे बोल्ट कटर, पेचकश, और लोहे की सब्बल का इस्तेमाल कर ताले तोड़ने और वाहनों को चोरी करने में माहिर था। इनके खिलाफ कई संगीन मामलों में मुकदमे दर्ज हैं।
गिरफ्तार आरोपियों में से विनोद और आदेश कुमार पर कई जिलों में वाहन चोरी, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं। गिरोह के सरगना करन जाट उर्फ सोनू पर भी नोएडा, गाजियाबाद और अन्य जिलों में हत्या, चोरी और अवैध हथियार रखने जैसे गंभीर अपराध दर्ज हैं।
इस सफलता में पुलिस टीम की अहम भूमिका रही, जिसमें उपनिरीक्षक अनु प्रताप सिंह और राहुल शर्मा के साथ कांस्टेबल तेजेंद्र सिंह, कौशिक पाराशर और जीत सिंह शामिल थे। इस कार्रवाई से नोएडा पुलिस ने वाहन चोरी के मामलों में कमी आने की उम्मीद जताई है।
