डीपीएस, ग्रेटर नोएडा ने नेशनल इंटर डीपीएस शास्त्रीय नृत्य प्रतियोगिता में किया शानदार प्रदर्शन, प्राप्त किया पहला स्थान
ग्रेटर नोएडा, 11 नवंबर: दिल्ली पब्लिक स्कूल, ग्रेटर नोएडा के विद्यार्थियों ने नेशनल इंटर डीपीएस शास्त्रीय नृत्य प्रतियोगिता में अपनी बेहतरीन प्रस्तुति से सभी को चौंका दिया और पहला स्थान प्राप्त किया। इस प्रतियोगिता में देशभर के 25 प्रमुख दिल्ली पब्लिक स्कूल की टीमों ने फाइनल में जगह बनाई थी, जिनके बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली।
प्रतियोगिता का आयोजन दिल्ली पब्लिक स्कूल, वसंतकुंज में हुआ, जहां ग्रेटर नोएडा के विद्यार्थियों ने अपनी नृत्य कला से निर्णायक मंडल और दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस शानदार जीत पर विद्यालय की प्रधानाचार्या, संध्या अवस्थी ने विजेता टीम को बधाई दी और इसे एक बड़ी उपलब्धि करार दिया।
संध्या अवस्थी ने कहा, “आज के डिजिटल और प्रतिस्पर्धात्मक दौर में विद्यार्थियों में शास्त्रीय नृत्य के प्रति रुचि पैदा करना और उन्हें उसमें पारंगत बनाना वाकई सराहनीय है।” उन्होंने यह भी बताया कि विद्यालय में ‘कलाश्री’ संस्था की स्थापना की गई है, जिसका उद्देश्य बच्चों में परंपरागत और शास्त्रीय कलाओं का विकास करना है। इस संस्था के माध्यम से बच्चों को गायन, वादन और नृत्य के क्षेत्र में प्रशिक्षण प्रदान किया जाता है।
विद्यालय की इस उपलब्धि ने यह साबित कर दिया है कि शास्त्रीय कला के प्रति विद्यार्थियों का लगाव और विद्यालय का समर्पण किसी भी मंच पर सफलता हासिल करने के लिए एक मजबूत आधार प्रदान करता है।
