योगी का तगड़ा हमला: कांग्रेस, झामुमो और राजद घुसपैठियों और पत्थरबाजों के हितैषी

झारखंड में भाजपा को समर्थन की अपील, सुरक्षा और विकास पर जोर

गढ़वा/पलामू, 11 नवंबर: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने झारखंड में अपनी जनसभाओं के दौरान कांग्रेस, झामुमो और राजद पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ये दल बांग्लादेशी घुसपैठियों, रोहिंग्या मुसलमानों और पत्थरबाजों के पक्षधर हैं, जिन्होंने झारखंड को अराजकता और असुरक्षा का गढ़ बना दिया है। योगी ने दावा किया कि इन पार्टियों ने राज्य में लव जेहाद, धर्मांतरण और जमीन हड़पने की साजिशें रची हैं।

सीएम योगी ने भाजपा को वोट देने की अपील करते हुए कहा कि भाजपा ही इन समस्याओं का समाधान कर सकती है। उन्होंने झारखंड को बांग्लादेशी घुसपैठियों और रोहिंग्या मुसलमानों के लिए धर्मशाला बनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “अगर भाजपा सरकार आई तो माफिया, तस्करों और पत्थरबाजों से सख्ती से निपटा जाएगा और राज्य में विकास की नई लहर आएगी।”

यूपी के तर्ज पर झारखंड में भी भाजपा सरकार बनने का दावा करते हुए योगी ने कहा कि यहां भी एकजुट होकर भ्रष्ट सरकार को बदला जाएगा। उन्होंने झारखंडवासियों को अयोध्या और प्रयागराज के कुंभ मेले में आने का निमंत्रण दिया और कहा, “हमने अयोध्या में राम मंदिर बनाया, अब झारखंड में भी रामनगर बनाने की योजना है।”

सीएम योगी ने यह भी चेतावनी दी कि अगर कांग्रेस, झामुमो और राजद की सरकारें केंद्र में होतीं तो पाकिस्तान और चीन के घुसपैठ को बढ़ावा मिलता। अब, भाजपा सरकार ने सीमा पर मजबूत सुरक्षा की व्यवस्था की है।

अंत में उन्होंने कहा, “हम बंटेंगे नहीं, क्योंकि अगर हम एकजुट हैं तो कोई भी हमें काटने की हिम्मत नहीं कर सकता।”