ग्रेटर नोएडा वेस्ट में श्री गुरु नानक देव जी के 555वें प्रकाश पर्व पर भव्य नगर कीर्तन का आयोजन
ग्रेटर नोएडा वेस्ट, 10 नवंबर 2024 – गौड़ सिटी क्रॉसिंग स्थित श्री गुरु सिंह सभा द्वारा सिख धर्म के प्रथम गुरु, श्री गुरु नानक देव जी के 555वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में भव्य नगर कीर्तन का आयोजन किया गया। नगर कीर्तन का शुभारंभ प्रातः 11 बजे परमाउंट सोसाइटी, क्रॉसिंग रिपब्लिक से हुआ। यह यात्रा क्रॉसिंग गोलचक्कर, गैलेरिया मार्केट, इंद्रपुरम पब्लिक स्कूल, और गुरुद्वारा साहिब के सामने से होते हुए 14th एवेन्यू, गौड़ सिटी 2, पाम सिटी, जेकेजी, 10th एवेन्यू, और गौड़ इंटरनेशनल स्कूल के सामने से गुजरते हुए, शाम 6 बजे गुरुद्वारा साहिब में संपन्न हुई।
नगर कीर्तन के प्रारंभ में नगाड़ों और नरसिंगा (तुरही) की धुन गूंज रही थी। सबसे आगे पाँच निहंग घुड़सवार अपनी पारंपरिक वेशभूषा में थे, जो लोगों के आकर्षण का केंद्र बने रहे। नगर कीर्तन में पाइपर बैंड, गतका टीम और बाइकर टीम ने विशेष आकर्षण प्रदान किया। गतका टीम के बच्चों और वरिष्ठ सदस्यों ने पारंपरिक करतब दिखाए, जिससे दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए।
नगर कीर्तन के मार्ग में पुरुष और महिला सेवादार सड़कों पर पानी डालकर और झाड़ू लगाकर सफाई करते चल रहे थे। पाँच प्यारे भी पारंपरिक वेशभूषा में चल रहे थे, जिनका स्वागत स्थानीय निवासियों ने पुष्प वर्षा से किया। फूलों से सुसज्जित एक खुले वाहन पर पालकी साहिब में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी शोभायमान थे। श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद के रूप में पताशे, फुलिया और काले चने का वितरण किया गया।
नगर कीर्तन के दौरान पुरुषों और महिलाओं के कीर्तन जत्थों ने गुरुबानी का गायन किया, जिससे वातावरण भक्तिमय हो उठा। क्रॉसिंग और ग्रेटर नोएडा वेस्ट के निवासियों ने नगर कीर्तन में बढ़-चढ़कर भाग लिया और सहयोग दिया। मार्ग में विभिन्न सोसायटी के निवासियों ने नगर कीर्तन का फूल मालाओं से स्वागत किया और छोले-कुलचे, ब्रेड पकोड़े, कोल्ड ड्रिंक, फ्रूटी, समोसा, चाय और सैंडविच जैसे लंगर का आयोजन किया।
नगर कीर्तन का समापन गुरुद्वारा साहिब में हुआ, जहां सभी श्रद्धालुओं को गुरु का अटूट लंगर वितरित किया गया। यह पहली बार था जब श्री गुरु सिंह सभा (रजिस्टर्ड) ने नोएडा वेस्ट में इतने भव्य स्तर पर नगर कीर्तन का आयोजन किया।
इस अवसर पर गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष सुरिंदर सिंह, प्रमुख जसपाल सिंह, सदस्य आर.एस. उप्पल, नरेंद्र सिंह बब्बर, जसवीर सिंह खालसा, आर.एस. अरोड़ा और प्रबंधक टीम के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
