राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान ग्रेटर नोएडा में नव प्रवेशित MBBS छात्रों के लिए White Coat समारोह आयोजित
ग्रेटर नोएडा, 9 नवंबर 2024: राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान, ग्रेटर नोएडा में आज White Coat समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें नव प्रवेशित MBBS छात्रों को डॉक्टर बनने की राह पर अग्रसर करते हुए उनके कंधों पर व्हाइट कोट पहनाया गया और चिकित्सा पेशे की शपथ दिलाई गई।
समारोह का शुभारंभ भारत सरकार के चिकित्सा सेवाओं के महानिदेशक डॉ अतुल गोयल ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलित कर किया। डॉ गोयल ने छात्रों को शपथ दिलाते हुए उन्हें एक ईमानदार और दयालु डॉक्टर बनने का संदेश दिया। उन्होंने मरीजों के प्रति समर्पण और पेशे के प्रति ईमानदारी बनाए रखने का अनुरोध किया।
शपथ के बाद, निदेशक डॉ सौरभ श्रीवास्तव, संकायाध्यक्ष एकेडमिक डॉ रंभा पाठक, संकायाध्यक्ष परीक्षा डॉ रंजना वर्मा, संकायाध्यक्ष छात्र कल्याण डॉ सतेन्द्र कुमार, संकायाध्यक्ष कार्य डॉ पी एस मित्तल, संकायाध्यक्ष गुणवत्ता डॉ मनीषा सिंह, संकायाध्यक्ष प्रशासन डॉ अनुराग श्रीवास्तव और सभी विभागाध्यक्षों ने छात्रों को White Coat पहनाया।
छात्रों को संबोधित करते हुए डॉ सौरभ श्रीवास्तव ने चिकित्सा पेशे की गरिमा पर जोर दिया और कहा कि कुछ डॉक्टरों के गलत बर्ताव के कारण यह पेशा बदनाम हो रहा है। उन्होंने कहा, “मरीज डॉक्टर को भगवान मानता है, और यदि आप ईमानदारी से पेश नहीं आओगे, तो एक सफल डॉक्टर बनने में मुश्किल होगी।”
संकायाध्यक्ष डॉ रंभा पाठक ने छात्रों को मेहनत और लगन के साथ अध्ययन करने पर बल दिया। कार्यक्रम के अंत में डॉ रंभा पाठक ने महानिदेशक डॉ अतुल गोयल और संकाय सदस्यों का आभार व्यक्त किया और छात्रों को उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
