ग्रेटर नोएडा में योग के जनक रामचंद्र भास्कर का निधन, ग्रेटर नोएडा में शोक की लहर
ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा में योग के जनक कहे जाने वाले रामचंद्र भास्कर का आज सुबह कैलाश अस्पताल में निधन हो गया। भारतीय योग संस्थान के ग्रेटर नोएडा प्रधान जितेंद्र भाटी ने जानकारी दी कि श्री भास्कर, जो बीते 2 अक्टूबर को एक सड़क हादसे में घायल हुए थे, संक्रमण की वजह से पिछले एक महीने से अस्पताल में भर्ती थे। पेट में संक्रमण फैलने के कारण उनकी स्थिति गंभीर हो गई थी, जिसके चलते आज सुबह उन्होंने 86 वर्ष के उम्र में अंतिम सांस ली।
श्री भास्कर पिछले 50 वर्षों से भारतीय योग संस्थान से जुड़े रहे और 2001 में ग्रेटर नोएडा में संस्थान की पहली शाखा की नींव रखी थी। अल्फा वन के अशोक वाटिका और अल्फा टू में नवीन अस्पताल के सामने पार्क में उनकी पहल से योग की शाखाओं की शुरुआत हुई थी। वर्तमान में ग्रेटर नोएडा में संस्थान की कुल 25 शाखाएं हैं। अपने समर्पण और योग के प्रति प्रतिबद्धता के कारण वह संस्थान के प्रधान भी रहे।
उनके निधन से योग संस्थान और ग्रेटर नोएडा में उनके अनुयायियों के बीच शोक की लहर दौड़ गई है। जितेंद्र भाटी ने बताया कि उनका अंतिम संस्कार आज दोपहर मोक्ष धाम, ग्रेटर नोएडा में किया जाएगा। इससे पहले, उनके पार्थिव शरीर को अल्फा वन के डी-43 अल्फा 1 स्थित निवास पर अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा।
योग क्षेत्र में श्री भास्कर का जाना एक अपूरणीय क्षति है।