ग्रेटर नोएडा: दीपावली मिलन कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला का आह्वान – “रोशनी का पर्व बने सामाजिक बदलाव का माध्यम
ग्रेटर नोएडा के वाई० एम० सी० ए० परिसर में जिला कांग्रेस कमेटी गौतमबुद्ध नगर द्वारा दीपावली मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला ने कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा, “दीपावली केवल रोशनी का पर्व नहीं है, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव का अवसर है। हमें एकजुट होकर शोषित और वंचित वर्ग के जीवन में नई उम्मीदें जगाने का संकल्प लेना चाहिए।”
कार्यक्रम में पूर्व बिसरख ब्लॉक प्रमुख स्व. ध्यान सिंह भाटी को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। साथ ही, जिला कांग्रेस की स्मारिका का विमोचन भी किया गया। सभी उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं दीं और समाज में एकता और सहयोग की भावना को मजबूत करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर पूर्व जिला अध्यक्ष दिनेश शर्मा, रघुराज भाटी, मुकेश शर्मा सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे, जिन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में अपना योगदान दिया।
