महिला उन्नति संस्था की पहल: दीपावली पर मिट्टी के दीये खरीदने की अपील
ग्रेटर नोएडा: आगामी दीपावली पर्व को मिट्टी के दीयों से जगमगाने के उद्देश्य से महिला उन्नति संस्था ने मिट्टी के दीये बांटकर लोगों से दीपावली पर मिट्टी के बने दीये खरीदने की अपील की। संस्था के सदस्यों ने डेरीन हबीबपुर में लोगों को दीये बांटे।
संस्थापक डा. राहुल वर्मा ने कहा कि “हमारा देश अपनी सभ्यता और संस्कृति के कारण विश्व में सबसे अनूठा है। यहां के प्रत्येक त्योहार में इसकी झलक स्पष्ट दिखाई देती है। दीपावली देश का सबसे बड़ा त्योहार है, जिसमें प्राचीन काल से मिट्टी के दीयों से घर-आंगन को जगमगाया जाता रहा है।”
उन्होंने आगे कहा कि “पिछले कुछ वर्षों में लोग पाश्चात्य संस्कृति के प्रभाव के कारण अपनी संस्कृति से दूर होते जा रहे हैं। युवा पीढ़ी को अपनी खोई सभ्यता और संस्कृति से रूबरू कराना जरूरी है। सभी को दीपावली पर मिट्टी के दीयों से अपने घरों को सजाना चाहिए, जिससे मिट्टी के बर्तन बनाने वाले लोगों को रोजगार भी मिल सके।”
इस अवसर पर उपाध्यक्ष रणवीर चौधरी, डा. ओमवीर बघेल, अरूण भाटी, जोगिन्दर सिंह, और सोनेलाल सहित अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे। संस्था ने इस प्रयास के माध्यम से लोगों को अपनी परंपराओं के प्रति जागरूक करने की कोशिश की है।
