यमुना प्राधिकरण क्षेत्र की सड़कों और ड्रेनेज सुधार को लेकर विधायक धीरेंद्र सिंह ने की मैराथन बैठक, यमुना प्राधिकरण के अधिकारी भी हुए शामिल
ग्रेटर नोएडा: यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण क्षेत्र में इस साल भारी बारिश के कारण हुए जलभराव की समस्या को देखते हुए जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह ने शासन और उच्चाधिकारियों को स्थिति की जानकारी दी थी। इसी के मद्देनजर मंगलवार को यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह ने की। बैठक में यमुना प्राधिकरण के सीईओ अरुणवीर सिंह, एसीईओ श्रुति, एसीईओ कपिल सिंह, ओएसडी शैलेन्द्र भाटिया, शैलेन्द्र सिंह, महाप्रबंधक सिविल राजेश सिंह के साथ पीडब्ल्यूडी के अधीक्षण अभियंता मनीष वर्मा, अधिशासी अभियंता कंचन वर्मा, अवर अभियंता शुभम श्रीवास्तव, अरविंदर पाल सिंह, जेई ताजवर हुसैन, बीपी सिंह, सिंचाई विभाग के अधिशासी अधिकारी मोर मुकुट, सुरेश चौधरी, उप जिलाधिकारी सदर चारुल यादव, उप जिलाधिकारी जेवर अभय प्रताप सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक के दौरान जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने कड़ी नाराजगी जताते हुए बताया कि क्षेत्र में 100 वर्ष पुराने सिंचाई विभाग के पथवाया नाले की सफाई न होने के कारण जलभराव की गंभीर स्थिति उत्पन्न हुई। विधायक ने निर्देश दिए कि इस समस्या के समाधान के लिए ड्रेनेज सिस्टम को सुधारने के लिए तत्काल एक कार्य योजना तैयार की जाए।
बैठक में बताया गया कि पथवाया नाला ग्राम रन्हेरा में आकर कई छोटे नालों से मिलता है, जिससे बरसात के समय बुलंदशहर तक का पानी आता है। विधायक ने लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिया कि जेवर क्षेत्र में सड़कों के नीचे दब चुकी सभी पुलियाओं की पहचान की जाए और उन्हें ठीक करने के लिए एक योजना बनाई जाए। इस संबंध में यमुना प्राधिकरण के सीईओ डॉ. अरुणवीर सिंह ने भी सहमति व्यक्त की और कहा कि बजट उपलब्ध कराए जाने की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी, ताकि भविष्य में जलभराव की समस्या से निपटा जा सके।
सभी संबंधित विभागों से समन्वय बनाकर सुनियोजित विकास की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया गया। उम्मीद जताई गई कि इस कदम से आने वाले समय में जलभराव की समस्या से लोगों को राहत मिलेगी।
