सूरजपुर में चोरी की कोशिश, व्यापारी मंडल ने डीसीपी से की सख्त कार्रवाई की मांग
ग्रेटर नोएडा: सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र में एक दुकान पर चोरी के प्रयास के बाद व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने डीसीपी सेंट्रल नोएडा शक्ति मोहन अवस्थी से मुलाकात कर सख्त कार्रवाई की मांग की। पैरामाउंट गोल्फ फॉरेस्टे सोसायटी में रहने वाले कपिल कुमार की सूरजपुर कस्बे में मोबाइल की दुकान है, जहां शुक्रवार रात चोरों ने ताले तोड़ने की कोशिश की। दुकान में लगे सायरन और सीसीटीवी कैमरे की वजह से चोर चोरी को अंजाम नहीं दे सके, लेकिन यह घटना व्यापारियों में दहशत पैदा कर गई है।
दुकानदार का कहना है कि इससे पहले भी चोरों ने उनके घर पर घुसने का प्रयास किया था। इस घटना से नाराज व्यापार मंडल ने डीसीपी को शिकायती पत्र सौंपते हुए जल्द से जल्द चोरों की पहचान कर उनके खिलाफ कठोर कदम उठाने की मांग की है। डीसीपी ने व्यापारियों को आश्वासन दिया कि मामले की गंभीरता से जांच की जाएगी और दोषियों को जल्द पकड़ा जाएगा।
