श्री धार्मिक रामलीला मंचन सेक्टर पाई: केवट ने श्री राम को गंगा नदी पार कराई, दर्शन कर भक्त भाव-विभोर हुए
ग्रेटर नोएडा, 08 अक्टूबर: श्री धार्मिक रामलीला कमेटी द्वारा आयोजित रामलीला का मंचन सेक्टर पाई, ग्रेटर नोएडा में गोस्वामी सुशील जी महाराज के निर्देशन में राजस्थान के श्रेष्ठ कलाकारों द्वारा किया जा रहा है। आज के मंचन का शुभारंभ मुख्य अतिथि माननीय रमेश बिधुरी (सह प्रभारी उत्तर प्रदेश भाजपा एवं पूर्व सांसद दक्षिणी दिल्ली) और विशिष्ट अतिथियों बिजेंद्र भाटी (पूर्व अध्यक्ष जिला पंचायत), के.पी. कसाना और सविंद्र भाटी (वरिष्ठ समाजसेवी) ने दीप प्रज्वलित कर किया।
मंचन की प्रमुख लीला में दिखाया गया कि प्रभु श्री राम जब वनवास के लिए प्रस्थान कर रहे होते हैं, तो उन्हें केवट गंगा पार कराता है। केवट ने श्री राम के चरणों की धूल को अपनी नाव पर लगने से पहले धोने की शर्त रखी, ताकि उसकी नाव पत्थर की तरह स्त्री न बन जाए। यह प्रसंग दर्शाता है कि केवट पिछले जन्म में भगवान विष्णु के चरण स्पर्श की आकांक्षा रखने वाला कछुआ था, जो इस युग में केवट के रूप में जन्मा।
इसके बाद, श्री राम गंगा पार कर चित्रकूट पहुंचते हैं। अयोध्या में महाराज दशरथ के निधन के बाद, भरत जब राम को मनाने चित्रकूट जाते हैं, तो प्रभु श्री राम खड़ाऊं देकर भरत को अयोध्या लौटाते हैं। भरत उस खड़ाऊं को सिंहासन पर रखकर राम के प्रतीक के रूप में राज्य का संचालन करने का वचन लेते हैं।
संस्था के अध्यक्ष आनंद भाटी ने बताया कि रामलीला के माध्यम से दर्शकों को जाति-पाति से ऊपर उठकर मानवता का संदेश दिया गया। उन्होंने कहा कि प्रभु श्री राम ने अपने वनवास के समय वनवासियों का जीवन भयमुक्त किया और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। दर्शकों ने लीलाओं का आनंद लेकर भाव-विभोर और रोमांचित हुए।
आज की लीलाओं का क्षेत्रवासियों ने भरपूर आनंद लिया और अपनी संस्कृति से जुड़े रहे। आयोजन में सनातन संस्कृति और आधुनिक तकनीक का सुंदर मिश्रण दिखा। इस अवसर पर गोस्वामी सुशील जी महाराज, राजकुमार नागर, पंडित प्रदीप शर्मा, शेर सिंह भाटी, सुभाष भाटी, अजय नागर और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
