श्री राम मित्र मंडल नोएडा रामलीला: रामलीला में राम जन्म से अयोध्या में छाई खुशी, राम ने किया ताड़का, सुबाहु और मारीच का वध
नोएडा, 4 अक्टूबर 2024 – श्रीराम मित्र मंडल नोएडा रामलीला समिति द्वारा सेक्टर-62 के रामलीला मैदान में आयोजित रामलीला मंचन के दूसरे दिन भगवान राम के जन्म और ताड़का, सुबाहु एवं मारीच के वध की लीला का भव्य मंचन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला अध्यक्ष भारतीय जनता पार्टी, नोएडा श्री मनोज गुप्ता, एडीएम गौतमबुद्ध नगर श्री बच्चू सिंह, वरिष्ठ भाजपा नेता श्री रविकान्त मिश्रा, जिला महामंत्री श्री गणेश जाटव और अन्य विशिष्ट अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। समिति के अध्यक्ष धर्मपाल गोयल और महासचिव मुन्ना कुमार शर्मा ने अतिथियों का स्वागत स्मृति चिन्ह और अंगवस्त्र देकर किया।
प्रथम दृश्य में देवताओं द्वारा भगवान विष्णु से पृथ्वी को राक्षसों के अत्याचार से मुक्त करने की प्रार्थना की गई, जिसके बाद राजा दशरथ की संतान न होने की चिंता और गुरु वशिष्ठ के निर्देश पर श्रृंगी ऋषि द्वारा पुत्रेष्टि यज्ञ का आयोजन हुआ। अग्नि देवता द्वारा राजा दशरथ को खीर प्रदान की गई, जिसे खाकर रानियों ने गर्भधारण किया। भगवान राम सहित उनके तीनों भाइयों का जन्म होते ही अयोध्या में खुशी की लहर छा गई, और चारों ओर बधाई गीत गाए गए।
इसके बाद विश्वामित्र के आगमन और उनके यज्ञ की रक्षा के लिए श्री राम और लक्ष्मण को साथ ले जाने का दृश्य प्रस्तुत किया गया। मार्ग में ताड़का, मारीच और सुबाहु का सामना करते हुए भगवान राम ने सुबाहु और ताड़का का वध किया, जबकि मारीच को समुद्र में फेंक दिया।
समिति के उपाध्यक्ष अर्जुन गुप्ता ने बताया कि 5 अक्टूबर को 501 कन्याओं का पूजन किया जाएगा, जिसके लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया चल रही है।
समिति के कोषाध्यक्ष राजेंद्र गर्ग, सलाहकार मनोज शर्मा, सह-कोषाध्यक्ष अनिल गोयल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सतनारायण गोयल सहित समिति के अन्य सदस्य और शहर के सैकड़ों गणमान्य व्यक्ति इस अवसर पर उपस्थित रहे।
कल की लीला: जनक दूत का आगमन, पुष्प वाटिका में राम-सीता साक्षात्कार और गौरी पूजन का मंचन किया जाएगा।