शिक्षा और स्वास्थ्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ जन आंदोलन के लिए सरधना विधायक अतुल प्रधान ने किया कई गांव का तूफानी दौरा
ग्रेटर नोएडा: किसान मजदूर संघर्ष मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आलोक नागर ने बताया कि शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में हो रहे भ्रष्टाचार के खिलाफ सरधना के विधायक अतुल प्रधान ने 10 अक्टूबर को मेरठ कमिश्नरी पर होने वाले जन आंदोलन को लेकर ग्रेटर नोएडा के दर्जनों गांवों का तूफानी दौरा किया। इनमें मुख्य रूप से डाबरा, रामपुर, लडपुरा, सलेमपुर गुर्जर, नियाना, पीपलका, दाउदपुर, सिरसा, नवादा, अमरपुर, अटाई, इमलिया, लुकसर आदि गांव शामिल थे।
इस दौरान विधायक अतुल प्रधान ने इन गांवों में पंचायतें कर लोगों से इस आंदोलन में भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि मेरठ कमिश्नरी पर 10 अक्टूबर को होने वाला यह आंदोलन महंगी शिक्षा, महंगे इलाज, सरकारी स्कूलों की दुर्दशा और अस्पतालों द्वारा की जा रही लूट के खिलाफ है। आम जनमानस इन समस्याओं से त्रस्त है। पिछले दिनों भी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को लेकर जिला मुख्यालय पर 10 दिन की भूख हड़ताल की गई थी, लेकिन अब पिछले एक महीने से लगभग दो सौ से अधिक गांवों का दौरा कर इस आंदोलन को सफल बनाने के लिए दिन-रात मेहनत की जा रही है।
विधायक अतुल प्रधान ने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य आम जनता से दूर होते जा रहे हैं। गरीब, मजदूर और किसान इतने महंगे स्कूलों में अपने बच्चों को नहीं पढ़ा सकते और अस्पताल लूट के अड्डे बन गए हैं। सरकार का इन समस्याओं से कोई लेना-देना नहीं है और वह केवल जाति-धर्म के नाम पर लोगों को बांटने का काम कर रही है।
किसान मजदूर संघर्ष मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष विकास प्रधान और उपाध्यक्ष आलोक नागर ने बताया कि उनका संगठन इस जन आंदोलन को पूर्ण समर्थन दे रहा है। हजारों की संख्या में संगठन के कार्यकर्ता और क्षेत्र के लोग इस आंदोलन में शामिल होंगे। जल्द ही ग्रेटर नोएडा में भी शिक्षा और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को लेकर आंदोलन शुरू किया जाएगा।
इस अवसर पर विकास प्रधान, आलोक नागर, बृजेश भाटी, कृष्ण नागर, लौकेश भाटी, नरेंद्र भाटी, शुभम चेची, मनीष नागर, मनीष खारी, प्रदीप भाटी, जय चेची, अनुज नागर, अनिल कसाना, विपिन नागर, विकास भाटी, निक्की भाटी, जगत बीडीसी समेत कई लोग मौजूद रहे।