दर्दनाक हादसा: सड़क किनारे सो रहे तीन लोगों को कैंटर ने कुचला , दो की मौत
नोएडा । जनपद गौतम बुद्ध नगर में एक दर्दनाक हादसा हुआ है। सड़क किनारे सो रहे तीन लोगों एक अनियंत्रित कैटर चालक ने तेजी और लापरवाही से वाहन चलाते हुए कुचल दिया। इस घटना में दो लोगों की मौके पर ही मृत्यु हो गई है, जबकि अन्य का उपचार अस्पताल में चल रहा है। पुलिस के मीडिया प्रभारी ने बताया कि बीती रात को श्याम सिंह पुत्र लाखन सिंह निवासी जनपद औरैया ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि 24 जुलाई की रात 12 बजे के करीब उनके जीजा पूरन सिंह पुत्र बलराम सिंह निवासी जनपद मैनपुरी, श्याम पुत्र लटूरी सिंह, विनोद पुत्र रामअवतार निवासी जनपद बदायूं जो की हाइड्रा चलाने का काम करते हैं, ये लोग काम करने के बाद चार मूर्ति चौकी के सामने सड़क किनारे सो रहे थे। उन्होंने बताया इसी बीच अज्ञात कैंटर चालक ने तेजी और लापरवाही से वाहन चलाते हुए इन्हें कुचल दिया। इस घटना में पूरन और विनोद की मौके पर मृत्यु हो गई? तथा श्याम सिंह को अत्यंत गंभीर हालत में उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। उन्होंने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
