वर्ल्ड क्लास इंटीग्रेटेड पैसेंजर हैंडलिंग फैसिलिटी का गढ़ बनेगा बोड़ाकी
ग्रेटर नोएडा: उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाने के लिए प्रतिबद्ध प्रदेश सरकार तेजी से राज्य को एक ट्रिलियन डालर की अर्थव्यवस्था बनाने की ओर बढ़ रही है। प्रदेश में औद्योगिक निवेश को लगातार बढ़ावा दिया जा रहा है। प्रदेश की पैसेंजर हँडलिंग क्षमता में भी बड़े स्तर पर सुधारों के जरिये इजाफा किया जा रहा है। इसी क्रम में ग्रेटर नोएडा के वोड़ाकी को वर्ल्ड क्लास इंटीग्रेटेड पैसेंजर हैंडलिंग फैसिलिटी के तौर पर विकसित करने की प्रक्रिया को गति दी जा रही है। दादरी में मल्टी माडल लाजिस्टिक्स हब व ग्रेटर नोएडा में ही इंटीग्रेटेड इंडस्ट्रियल टाउनशिप के विकास कार्यों को भी गति दी जा रही है। उल्लेखनीय है कि दिल्ली-हावड़ा रेल रूट पर स्थित बोड़ाकी को एनएच-91 से भी जोड़ा जा रहा है। ऐसे में, बोड़ाकी को रेलवे, हाइवे, बस टर्मिनल और मेट्रो से जोड़कर सिंगल प्वाइंट कनेक्टिविटी के तौर पर विकसित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप तैयार की गई विस्तृत कार्ययोजना के जरिये क्रियान्वित किया जा रहा है।
आइएसबीटी-एलबीटी के विकास के लिए डीपीआर तैयारः बोड़ाकी को 358 एकड़ क्षेत्र में मल्टी माडल ट्रांसपोर्ट हब के तौर पर विकसित किया जा रहा है। यहां इंटर स्टेट बस टर्मिनल (आइएसबीटी) और लोकल बस टर्मिनल (एलबीटी) के विकास के लिए मास्टर विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) नेशनल इंडस्ट्रियल कारीडोर डेवलपमेंट कार्पोरेशन (एनआइसीडीसी) द्वारा तैयार कर लिया गया है। इन सभी कार्यों को पूरा करने के लिए सलाहकार को नियुक्त कर दिया गया है जो सर्वे, डिजाइन, मास्टर प्लान व ईपीसी डाक्यूमेंट्स के निर्माण व क्रियान्वयन प्रक्रिया पूरी कर रहे हैं।
