एटा से फरार इनामी बदमाश दबोचा
नोएडा। थाना फेस-3 पुलिस ने जनपद एटा से पुलिस हिरासत से भागे 15 हजार रूपए के ईनामी बदमाश को बीती रात को एक मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है। इसके पास से पुलिस ने एक देशी तमंचा व भारी मात्रा में कारतूस बरामद किया है।
सीओ – 2 नोएडा राजीव कुमार सिंह ने बताया कि बीती रात को गश्त पर निकले थाना फेस-3 के प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार को सूचना मिली कि कुछ बदमाश लूट की वारदात को अंजाम देने की नियत से नोएडा में आये हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने ट्रांसपोर्ट नगर के पास चेकिंग शुरू की। थाना प्रभारी ने बताया कि कुछ लोग पुलिस को संदिग्ध अवस्था में आते हुए दिखायी दिये। जब पुलिस ने उन्हें रूकने के लिए बोला तो वे भागने लगे। जब पुलिस ने उनका पीछा किया तो उन्होंने पुलिस पर गोलियां चलायीं। जवाबी कार्यवाही करते हुए पुलिस ने एक बदमाश को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान उसने अपना नाम सोनू उर्फ सोबरन बताया। सीओ ने बताया कि पकड़ा गया बदमाश 6 माह पूर्व जनपद एटा से हिरासत से भाग गया था। इसकी गिरफ्तारी पर 15 हजार रूपए का ईनाम घोषित है। यह बदमाश लूटपाट का पर्याय माना जाता है। पुलिस इसके अपराधिक इतिहास का पता कर रही है। सीओ ने बताया कि पकड़े गये बदमाश को गिरफ्तारी के समय चोट भी लगी है।