एनसीईआरटी के संपादक ने बुक प्रकाशक और विक्रेता के खिलाफ दर्ज करवाया मुकदमा
नोएडा : थाना सेक्टर 24 में बीती रात को एनसीईआरटी के संपादक ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि एनसीईआरटी की पायरेटेड किताबें कुछ लोग बाजार में बेच रहे हैं। घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
थाना सेक्टर 24 पुलिस ने बताया कि एनसीईआरटी के संपादक हेमंत कुमार ने बीती रात को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उन्हें सूचना मिली की एनसीईआरटी की नकली किताब कुछ दुकानो से बेचा जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस बात की सूचना पर एनसीईआरटी के प्रशासन विभाग के तीन अधिकारियों का एक दल 12 जून को एक बुक डिपो सेक्टर 22 पहुंचा। दूकानदार से एनसीईआरटी की कक्षा तीन की 3 किताबें मांगी गई। सोनू बुक डिपो नोएडा ने जो तीन पुस्तके उपलब्ध कराई वे एनसीईआरटी की किताबें का पायरेटेड संस्करण थी। इन तीन पुस्तकों का नगद भुगतान 510 रुपए किया गया, जिसमें 60 रूपए पुस्तक की जिल्द आदि के लिए गए। एनसीईआरटी की मौलिक पुस्तकों को और सोनू बुक डिपो नोएडा से खरीदी गई पायरेटेड किताबों में अंतर पाया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि इस मामले में अग्रवाल प्रकाशक का मालिक तथा सोनू बुक डिपो के मालिक के खिलाफ धारा 420, 63,65 के तहत मुकदमा दर्ज हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
